बरेली: टैबलेट पाकर हाइटेक हुए एफएसडीए के अधिकारी
बरेली, अमृत विचार। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफएसडीए) के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को अब हाइटेक किया जा रहा है। मोबाइल के जरिये रिपोर्टिंग करने से अब इनको छुटकारा मिल जाएगा। सभी खाद्य सुरक्षा अधिकारी अब टैबलेट से विभागीय कार्यों की रिपोर्टिंग करेंगे। इसके लिए उन्हें निदेशालय से टैबलेट मुहैया कराए गए हैं। लिहाजा …
बरेली, अमृत विचार। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफएसडीए) के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को अब हाइटेक किया जा रहा है। मोबाइल के जरिये रिपोर्टिंग करने से अब इनको छुटकारा मिल जाएगा। सभी खाद्य सुरक्षा अधिकारी अब टैबलेट से विभागीय कार्यों की रिपोर्टिंग करेंगे। इसके लिए उन्हें निदेशालय से टैबलेट मुहैया कराए गए हैं। लिहाजा अब मुख्यालय आने से पहले ही अधिकारी सीधे निरीक्षण स्थल से प्रतिष्ठानों के फोटो और वीडियो एप पर अपलोड कर सकेंगे।
बता दें कि ऑनलाइन लाइसेंस पंजीकरण प्रणाली, सैंपल मैनेजमेंट को देखते हुए सभी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को टैबलेट दिए जाने का फैसला लिया गया था। जिले में तैनात 15 खाद्य सुरक्षा अधिकारियों यह टैबलेट दिए गए हैं। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ अनीता सिंह ने इस बाबत सभी अभिहित अधिकारियों को पत्र जारी किया था। जिसमें जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की सूची लेकर निदेशालय से टैबलेट प्राप्त करने की बात कही गई थी। अब टैबलेट मिलने से खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के काम में तेजी आ जाएगी। वे खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर अन्य विभागीय कार्यों की सीधे ऑनलाइन रिपोर्टिंग कर सकेंगे।
अब मौके से भेज सकेंगे रिपोर्ट
जिला अभिहित अधिकारी धर्मराज मिश्र ने विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को अपने कार्यालय पर यह टैबलेट वितरित किए। उन्होंने बताया कि अभी तक टैबलेट न होने से क्षेत्र से लौटने के बाद अधिकारियों को सैंपल, लाइसेंस पंजीकरण आदि की रिपोर्ट मुख्यालय आकर देनी पड़ती थी। टैबलेट मिलने के बाद संबंधित अधिकारी मौके पर ही सैंपल आदि की रिपोर्ट सीधे निदेशालय तक भेज सकेंगे, जिससे मौके की वास्तविक स्थिति का पता चल पाएगा। अभी तक विभाग के अधिकारी खाद्य कारोबार से जुड़े लोगों को मौखिक रूप से ही जागरूक करते थे, मगर अब टैबलेट से जन जागरूकता के लिए चलाए जाने वाले कार्यक्रमों में भी आसानी होगी।
