यूपी: योगी के चेहरे पर दिखी आत्मविश्वास की चमक, फीडबैक से भी बढ़ा सीएम का हौसला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। विधानसभा चुनाव में अब महज चंद माह शेष हैं। विपक्षी दलों के आरोप प्रत्यारोप तीखे शब्दबाण के रूप में सामने आ रहे हैं। कुछ माह पहले ही पार्टी के भीतर भी नेतृत्व को लेकर हलचल मची थी। इतने झंझावातों के बावजूद लोकभवन में जब योगी आदित्यनाथ अपनी चार साल की उपलब्धियां गिनाने आए तो …

लखनऊ। विधानसभा चुनाव में अब महज चंद माह शेष हैं। विपक्षी दलों के आरोप प्रत्यारोप तीखे शब्दबाण के रूप में सामने आ रहे हैं। कुछ माह पहले ही पार्टी के भीतर भी नेतृत्व को लेकर हलचल मची थी। इतने झंझावातों के बावजूद लोकभवन में जब योगी आदित्यनाथ अपनी चार साल की उपलब्धियां गिनाने आए तो उनके चेहरे की मुस्कान और तेवर कुछ और कहानी कह रहे थे। जिस अंदाज में मुख्यमंत्री बोल रहे थे, वह आत्मविश्वास से भरपूर था। जब उन्होंने कहा कि एक समय मीडिया से लेकर विपक्ष तक चुटकी लेता था कि रामलला हम आएंगे, मंदिर निर्माण का समय नहीं बताएंगे।

लेकिन हमने वक्त भी बताया और भव्य मंदिर का अयाेध्या में निर्माण भी हो रहा है। उनका यह वाक्यांश बता रहा था कि इस उपलब्धि का उत्तर प्रदेश के जनमानस पर कितना गहरा प्रभाव है। करीब एक माह से वह निरंतर विभिन्न जिलों के प्रवास पर रहते हैं, सीधे जनता से संपर्क में हैं। जाहिर है कि अपनी सरकार की कामयाबी का फीडबैक वे खुद अपने कानों सुन रहे हैं। इसलिए जब वे निश्चिंत भाव में बोले कि ‘निःसंदेह हम 350 से अधिक सीटें प्राप्त कर पुनः भारी बहुमत से सरकार बनाएंगे।’ तो इस उद्घोष में आश्वस्ति की ध्वनि सुनाई देती है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान विपक्ष पर भी वार किया, लेकिन उनकी भाषा में कहीं से आवेश नहीं था। पूरी तरह से नियंत्रित भाषा में वे विपक्ष पर यों हमला कर रहे थे, मानो उन्हें भली भांति एहसास है कि यह बातें जनता के बीच भी इसी तरह तैर रही हैं। इसीलिए उन्होंने इस संवाद के बाद एक ट्वीट किया, जिसमें लिखा कि ‘वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में किए गए सभी वायदों को हमारी सरकार ने पूर्ण किया है। विपक्ष अगर हमारे लोक कल्याण संकल्प पत्र को पढ़ लेता तो उन्हें कुछ सद्बुद्धि आती।’

छा गई योगी सरकार : स्वतंत्रदेव

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने भी ट्वीट कर सरकार और मुख्यमंत्री को बधाई दी। लिखा कि ‘साढ़े चार साल…विकास के… विश्वास के… गांव-गरीब-किसान, शोषित-वंचित के विकास को शिरोधार्य करके रात-दिन काम करके प्रदेश में सुशासन स्थापित कर योगी सरकार जनता के विश्वास पर खरी उतरी है। सफल 4.5 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें। अंत में हैशटैग के साथ लिखा कि छा गई योगी सरकार।

यह भी बोले योगी

  • – निवेश और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में नम्बर दो पर प्रदेश
  • – तीन लाख करोड़ रुपये का निवेश हुआ, चीन की डिस्प्ले यूनिट लगी और रोजगार आया।
  • – शासन प्रशासन की ट्रांसफर पोस्टिंग पर लगाम लगी, प्रशासनिक स्थिरता आई
  • – केंद्र की 44 योजनाओं में यूपी नम्बर एक
  • – 2007 की सरकार में हुए खाद्यान्न घोटाले की चल रही सीबीआई जांच
  • – किसान कर्जमाफी से किसान कल्याण की योजना को आगे बढ़ाया
  • – पहले चीनी मिलें बन्द होती गई, अब कोरोना काल में भी चल रहीं
  • – आढ़तियों की बजाय किसानों से सीधे खरीद कर डीबीटी से किया भुगतान
  • – सुव्यवस्थित और सुरक्षित प्रयागराज कुम्भ दुनिया ने देखा
  • – बनारस में प्रवासी भारतीय सम्मेलन, अयोध्या दीपोत्सव, बरसाना रंगोत्सव करके दिखाया
  • – आस्था को दिया सम्मान, अयोध्या में भव्य राममंदिर बन रहा
  • – नवंबर दिसंबर तक कानपुर में मेट्रो शुरू करने का प्रयास
  • – 2017 के पहले दो इंटरनेशनल एयरपोर्ट थे, आज छह
  • – राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने वाला पहला प्रदेश, सात नए विवि बन रहे
  • – पुलिस फोरेंसिक इंस्टिट्यूट लखनऊ में निर्माणाधीन

संबंधित समाचार