बरेली: रंग लाया डा. राजीव का त्याग, आईएमए अध्यक्ष बने डा. पागरानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) बरेली शाखा के अध्यक्ष पद के चुनाव में नामांकन वापस लेकर डा. विनोद पागरानी के पक्ष में फेसबुक पर पोस्ट डालने वाले डा. राजीव गोयल का आखिरकार त्याग रंग लाया। जिस संभावना से उन्होंने सोशल मीडिया पर डा. पागरानी को समर्थन करते हुए जो कुछ लिखा, रविवार की …

बरेली, अमृत विचार। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) बरेली शाखा के अध्यक्ष पद के चुनाव में नामांकन वापस लेकर डा. विनोद पागरानी के पक्ष में फेसबुक पर पोस्ट डालने वाले डा. राजीव गोयल का आखिरकार त्याग रंग लाया। जिस संभावना से उन्होंने सोशल मीडिया पर डा. पागरानी को समर्थन करते हुए जो कुछ लिखा, रविवार की रात उसी तरह के नतीजे भी सामने आए। दिलचस्प मुकाबले में डा. पागरानी को उम्मीद से ज्यादा डाक्टरों वोटरों का सपोर्ट मिला और 123 वोटों से अपने प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी डा. राजीव अग्रवाल को हराकर वह आईएमए अध्यक्ष बन गए।

आईएमए चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर डा. मनोज हिरानी व डा. आर के सिंह और जनसंपर्क अधिकारी पद पर डा. सोमेश मल्होत्रा ने जीत दर्ज की। सचिव व कोषाध्यक्ष पदों पर एक-एक प्रत्याशी मैदान में थे, इसलिए उन्हें र्निविरोध मनोनीत कर दिया। रविवार की सुबह 8 बजे से आईएमए के ऑडिटोरियम भवन में मतदान शुरू हुआ जो शाम 5 बजे तक चला। करीब 5:30 बजे से मतगणना शुरू हुई। चुनाव कमेटी के चेयरमैन डा. रवीश अग्रवाल की देखरेख में मतगणना रात करीब 9:30 बजे तक चली। इसके बाद नतीजों की घोषणा की गयी। 800 मतदाताओं में से 618 मतदाताओं ने वोट डाले। पिछले साल हुए चुनाव से ज्यादा वोटरों ने इस बार अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

डा. पागरानी के अध्यक्ष बनते ही झूमने लगे समर्थक
आईएमए के ऑडिटोरियम हाल में देर शाम के बाद चुनाव की सरगर्मी बढ़ती गयी। सुबह से शाम तक प्रत्याशी पहले मतदाताओं को लाने और उनके वोट डलवाने में व्यस्त रहे। मतगणना शुरू होते ही प्रत्याशी और उनके समर्थक जुटना शुरू हो गए। यह पहले से ही लग रहा था कि इस बार डा. विनोद पागरानी के पक्ष में ज्यादा वोटिंग हुई है। जब नतीजे सामने आए तो स्थिति स्पष्ट हो गयी। मतगणना के अंतिम चरण से पहले ही डा. विनोद पागरानी के खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। हिप हिप हुर्रे के साथ जश्न शुरू हो गया। अध्यक्ष पद की घोषणा होते ही डा. विनोद पागरानी के समर्थक झूमने लगे। डा. पागरानी ने वरिष्ठ पदाधिकारियों का आशीष लिया।

किस प्रत्याशी को कितने वोट मिले यहां जानें
चुनाव के परिणाम के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए डा. विनोद पागरानी को 370, डा. राजीव अग्रवाल को 247 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद पर डा. मनोज हिरानी को 391, डा. आरके सिंह को 370 और हारने वाले डा. विपिन वार्ष्णेय को 217 वोट व डा. गायत्री सिंह को 142 वोट मिले। जनसंपर्क अधिकारी के पद के लिए डा. सोमेश मल्होत्रा को 450 वोटों के साथ विजयी हुए। उनके प्रतिद्वंदी डा. तबरेज आलम को 115 वोट मिले। सचिव पद पर र्निविरोध डा. आरएन छाबड़िया, कोषाध्यक्ष बने डा. आदित्य माहेश्वरी को निर्विरोध मनोनीत किया। 2020-21 में विजयी हुए डा. विमल भारद्वाज ने आकर डा. पागरानी को बधाई दी। वर्तमान अध्यक्ष डा. मनोज अग्रवाल ने डा. विमल भारद्वाज को अध्यक्ष बनने पर शुभकामनाएं दीं। डा. विनोद पागरानी 2022-23 के लिए अध्यक्ष चुने गए हैं।

संबंधित समाचार