कानपुर: जूनियर डॉक्टरों की दबंगई, तीमारदार दंपति को बेरहमी से पीटा…

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर। हैलट अस्पताल में एक बार फिर जूनियर डॉक्टरों की दबंगई सामने आई है। तीमारदारों ने मरीज की यूरिन नली बदलने को कहा तो डॉक्टर ने युवक को पीटना शुरू कर दिया। बचाने दौड़ी पत्नी को इतना पीटा कि वह बेहोश हो गई। परिजन उसे बेहोशी हालत में लेकर स्वरूप नगर थाने पहुंचे और जूनियर …

कानपुर। हैलट अस्पताल में एक बार फिर जूनियर डॉक्टरों की दबंगई सामने आई है। तीमारदारों ने मरीज की यूरिन नली बदलने को कहा तो डॉक्टर ने युवक को पीटना शुरू कर दिया। बचाने दौड़ी पत्नी को इतना पीटा कि वह बेहोश हो गई। परिजन उसे बेहोशी हालत में लेकर स्वरूप नगर थाने पहुंचे और जूनियर डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। स्वरूप नगर पुलिस ने दो जूनियर डॉक्टर और दो वार्ड ब्वॉय के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्वरूप नगर थाना प्रभारी ने बताया कि देव नगर रायपुरवा निवासी कमल शर्मा के मुताबिक उन्होंने चार दिन पहले कोमा में जाने के बाद पिता हैलट के वार्ड नंबर-14 के बेड नंबर-20 में भर्ती कराया था। रविवार को उनकी  यूरिन नली निकल गई थी। उसे लगाने के लिए वहां मौजूद जूनियर डॉक्टरों से गुजारिश की तो उन्होंने लगाने से मना कर दिया। इस बात को लेकर कमल और जूनियर डॉक्टरों की बहस हो गई। इसके बाद जूनियर डॉक्टरों ने एकजुट होकर कमल को कमरे में खींच लिया और जमकर पीटा। बचाने दौड़ी उनकी पत्नी शकुंतला को भी डॉक्टरों ने इतनी बेरहमी से पीटा कि वह बेहोश हो गई।

इसके बाद दंपति जान बचाकर हैलट से भागे और स्वरूप नगर थाने पहुंचे। उन्होंने एफआईआर दर्ज कराने के लिए जूनियर डॉक्टरों के खिलाफ स्वरूप नगर थाने में तहरीर दी है। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला से भी शिकायत की है। बताया कि डॉक्टरों की इतनी गुंडा-गर्दी है कि बचाने के लिए चीखती-चिल्लाती रही लोगों से मिन्नतें करती रही,लेकिन दहशत के चलते कोई भी बचाने नहीं आया।

स्वरूप नगर थाना प्रभारी ने बताया कि जूनियर डॉक्टर डॉ.विनय, डॉ.फहद समेत दो वार्ड ब्वॉय के खिलाफ मारपीट व जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में एफआईआर दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। मेडिकल कॉलेज प्राचार्य को भी इसकी जानकारी दी गई है।

महिला का मेडिकल कराने के लिए स्वजन उर्सला अस्पताल ले गए हैं। उर्सला में सीमा विवाद के चलते उन्हें फिर हैलट भेजा गया। पुलिस की सुरक्षा के दौरान दंपति का हैलट में मेडिकल हुआ। मेडिकल कालेज की उप प्राचार्य एवं मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. रिचा गिरि का कहना है कि जानकारी हुई है। कंसल्टेंट से रिपोर्ट मांगी है। उसके आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार