मुरादाबाद: जिला अस्पताल में दो हजार से अधिक मरीज, भीड़ संभालने को सिर्फ एक गार्ड
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिला अस्पताल में सोमवार को दो हजार से अधिक मरीज पहुंचे। ओपीडी हाल, चिकित्सकों के कक्ष, पैथोलॉजी में मरीजों की भीड़ व्यवस्था पर भारी पड़ रही थी। भीड़ को संभालने के लिए ड्यूटी पर लगे एक सुरक्षा गार्ड के पसीने छूट रहे थे। अस्पताल की ओपीडी में 1670 नये और पांच सौ …
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिला अस्पताल में सोमवार को दो हजार से अधिक मरीज पहुंचे। ओपीडी हाल, चिकित्सकों के कक्ष, पैथोलॉजी में मरीजों की भीड़ व्यवस्था पर भारी पड़ रही थी। भीड़ को संभालने के लिए ड्यूटी पर लगे एक सुरक्षा गार्ड के पसीने छूट रहे थे।
अस्पताल की ओपीडी में 1670 नये और पांच सौ से अधिक पुराने मरीज पहुंचे। फिजिशियन, बालरोग विशेषज्ञ, सर्जन की ओपीडी कक्ष के बाहर और दवा वितरण, पंजीकरण काउंटर पर मरीजों की भीड़ कई बार आपस में धक्का मुक्की करने लगी, व्यवस्था बनाने में लगे एकमात्र होमगार्ड को पसीने छूट रहे थे।
वह लोगों को कतार में लगने, अपनी बारी आने पर ही चिकित्सक कक्ष में घुसने की बात करता रहा लेकिन मरीज और तीमारदार उसे अनसुनी कर अपनी मनमर्जी करते रहे। वहीं पैथालॉजी में सैंपल देने और रिपोर्ट लेने के लिए भी काफी तादाद में मरीज जमे रहे। सैंपल लेने के लिए लैब तकनीशियन को मरीजों को संभालना मुश्किल हो रहा था।
जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डाँ राजेंद्र कुमार का कहना है कि सुरक्षा के लिए पांच होमगार्ड लगे हैं। एक के अवकाश पर रहने से ओपीडी में एक ही होमगार्ड आज ड्यूटी पर है। दो इमरजेंसी और एक टीकाकरण भवन में तैनात किया गया है। मरीजों से भी अपील है कि वह व्यवस्था बनाने में सहयोग करें, सभी का इलाज करना हमारा दायित्व है। लेकिन थोड़ा धैर्य रखना होगा।
