बरेली: स्मार्ट वर्किंग के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मिलेगा स्मार्ट फोन
बरेली, अमृत विचार। जिले के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए अच्छी खबर है। उनको कागजी कार्रवाई से मुक्ति मिलने वाली है। अगले सप्ताह से वे स्मार्ट फोन से काम करती नजर आएंगी। स्मार्ट फोन से ही वे पोषाहार वितरण से लेकर बच्चों से संबंधित सभी तरह के सर्वे को रजिस्टर में दर्ज कर अफसरों को पूरी …
बरेली, अमृत विचार। जिले के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए अच्छी खबर है। उनको कागजी कार्रवाई से मुक्ति मिलने वाली है। अगले सप्ताह से वे स्मार्ट फोन से काम करती नजर आएंगी। स्मार्ट फोन से ही वे पोषाहार वितरण से लेकर बच्चों से संबंधित सभी तरह के सर्वे को रजिस्टर में दर्ज कर अफसरों को पूरी अपडेट देंगी। डिजिटल इंडिया मुहिम के तहत स्मार्ट वर्किंग के लिए यह व्यवस्था शुरू की जाएगी।
जिले में 2857 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। इन पर बच्चों के वजन मापने, कुपोषण मिटाने के लिए पुष्टाहार वितरण, टीकाकरण और अन्य योजनाओं को क्रियान्वित करने की जिम्मेदारी होती है। लेकिन योजनाओं में पारदर्शिता लाने और उनकी ऑनलाइन फीडिंग का काम नहीं हो पा रहा था। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी रजिस्टर मेनटेन करने में काफी दिक्कत होती थी। इसके चलते शासन ने स्मार्ट दिए जाने का फैसला लिया है। अफसरों का दावा है कि स्मार्ट फोन से स्मार्ट वर्किंग होने से योजनाओं के क्रियान्वन में और भी पारदर्शिता आएगी।
मुख्य रूप से ये काम होंगे ऑनलाइन
छह साल तक के शिशुओं का डाटा, गर्भवतियों की जानकारी, किशोरियों से संबंधित आंकड़े, ड्रॉप आउट बालिकाओं की स्थिति, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना का पंजीकरण, बच्चों का टीकाकरण एवं ग्रोथ मॉनीटरिंग, आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषाहार वितरण की डिटेल, कुपोषित बच्चों की ग्रोथ मॉनीटरिग, जिला स्तर पर बच्चों से संबंधित सर्वे।
10 हजार की कीमत का होगा स्मार्ट फोन
जिला में करीब ढाई हजार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां कार्य कर रही हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग की तरफ से सभी को करीब 10 हजार रुपये की कीमत का स्मार्ट फोन उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें वह विभाग की एप डाउनलोड करेंगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता फिलहाल 11 रजिस्टर तैयार करती हैं। स्मार्टफोन मिलने के बाद सभी काम उस फोन में एप के माध्यम से किया जाएगा।
स्मार्ट फोन चलाने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रथम चरण में मंडल के शाहजहांपुर और पीलीभीत जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्ट फोन देने की मंजूरी मिली थी। अब दूसरे चरण में बरेली जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्ट फोन देने की स्वीकृति मिली है। फोन मिलते ही इसी सप्ताह बांटे जाएंगे।
– डा. आरबी सिंह, उपनिदेशक/जिला कार्यक्रम अधिकारी
