संभल में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा- कांग्रेस, सपा और बसपा के एजेंडे में गरीब नहीं
संभल, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस, सपा और बसपा पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सभी दलों के एजेंडे में गरीब हैं ही नहीं। जबकि भाजपा सभी के साथ और विकास की बात करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में यूपी देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बन रहा है। मुख्यमंत्री …
संभल, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस, सपा और बसपा पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सभी दलों के एजेंडे में गरीब हैं ही नहीं। जबकि भाजपा सभी के साथ और विकास की बात करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में यूपी देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को जिले के कैला देवी में सभा को सम्बोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा 2017 के पहले उत्तर प्रदेश दूसरा था, अब दूसरा है। हम विकास से परिवर्तन लाने में जुटे हैं। हमने राजनीति को सेवा के लिए चुना है। कोरोना का काल में दूसरे दलों के लोग ट्विटर चला रहे थे और मौज मस्ती कर रहे थे। 2017 के पहले गाय की सुरक्षा नहीं थी और गाय के पकड़ने वाले त्राहि-माम कर रहे हैं। हमने सभी बूचड़खाने बंद करा दिये। इससे विपक्षी दलों का धंधा बंद हो गया। बेटियों की सुरक्षा हमारी प्रतिबद्धता है।
अब जो बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहा है उसे दुर्योधन और दुसासन की गति मिल रही है। पुलिस बल में महिलाओं की 20 प्रतिशत हिस्सेदारी है। हमारे लिए जनता जनार्दन है। इसीलिए राज्य की तस्वीर बदल रही है। दुर्गा पूजा, जन्माष्टमी, शिवरात्रि, दीपावली और दशहरे में दंगे नहीं होते। दंगा-फसाद करने वाले उसकी सजा भुगत रहे हैं। सच तो यह कि ऐसे करने वालों का खानदान इसकी सजा भोगेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले राम मंदिर की बात करने वालों को धमकाया जा सकता था, जबकि अब ऐसा नहीं हो सकता। हम मंदिरों का विकास कर रहे हैं। कैलादेवी से ही इसकी शुरुआत कर दी है। कैला देवी मंदिर का विकास हो रहा है। पर्यटन की तमाम योजनाएं बनीं है। बहुत जल्द मंदिर पहुंचकर उनका लोकार्पण करूंगा। मुख्यमंत्री ने पार्टी के विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुखों को जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मंदिर नहीं बनवा सकती थी और अगर सपा सोचती तो यहां से फतवे जारी होते। जबकि बहन जी का तो कुछ कहना ही नहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में दुनिया का भव्य मंदिर बन रहा है। इसमें सभी का सहयोग है। हमारे लिए जनता जनार्दन है। सभी के सहयोग से और प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में आने वाले समय में उत्तर प्रदेश को देश का सबसे विकसित राज्य बनाना है, जिसमें सभी का सहयोग चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 75 जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का लक्ष्य है। अब तक 59 जिलों में मेडिकल कॉलेज बन गए हैं, जबकि 16 जिले अभी बाकी हैं, उनमें पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कालेज बनाने का काम चल रहा है। जनता के सहयोग और आशीर्वाद से संभल को विकास के नए नक्शे पर स्थापित करना है।
