24 से बरेली-दिल्ली के लिए मार्निंग फ्लाइट शुरू
बरेली, अमृत विचार। बरेली-दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों के लिए सात दिन के लिए बड़ी राहत मिली है। एलाइंस एयर ने 24 से 30 सितंबर तक ‘मार्निंग फ्लाइट’ शुरू की है। ये फ्लाइट सुबह 7 बजे दिल्ली से बरेली के लिए उड़ान भरेगी और यहां 8 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके साथ एयरपोर्ट पर आधे घंटे ब्रेक …
बरेली, अमृत विचार। बरेली-दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों के लिए सात दिन के लिए बड़ी राहत मिली है। एलाइंस एयर ने 24 से 30 सितंबर तक ‘मार्निंग फ्लाइट’ शुरू की है। ये फ्लाइट सुबह 7 बजे दिल्ली से बरेली के लिए उड़ान भरेगी और यहां 8 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके साथ एयरपोर्ट पर आधे घंटे ब्रेक के बाद करीब 8.30 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी। एलाइंस एयर की इस फ्लाइट से उन व्यापारी-उद्यमियों को बड़ी राहत मिली है जो सुबह में दिल्ली से बरेली आने और बरेली से दिल्ली जाने के लिए मांग उठा रहे थे।
मार्निंग फ्लाइट ट्रायल के तौर पर संचालित की जा रही है। एलाइंस एयर इसके जरिए ये जानने के प्रयास में है कि सुबह में दिल्ली-बरेली के यात्रियों की संख्या में कितनी वृद्धि होगी। माना जा रहा है कि दोपहर में मुंबई-बेंगलुरू की फ्लाइट शुरू होने के बाद से बरेली-दिल्ली फ्लाइट पर असर पड़ा है। वे यात्री अब दिल्ली फ्लाइट में सफर नहीं करते हैं जो पहले मुंबई-बेंगलुरू समेत अन्य शहरों के लिए दिल्ली से फ्लाइट पकड़ने के लिए जाते थे।
उसी पैसेंजर को वापस लाने के लिए मार्निंग फ्लाइट शुरू हो रही है। एलाइंस एयर के प्रतिनिधि ने बताया कि अभी सात दिन के लिए मार्निंग फ्लाइट शुरू की गयी है। 72 सीटर एटीआर में अभी 50 प्रतिशत यात्री दिल्ली-बरेली आना-जाना कर रहे हैं। नई व्यवस्था में यात्रियों के बढ़ने की उम्मीद जतायी है।
अभी बरेली-दिल्ली फ्लाइट की यह है टाइमिंग
अभी बरेली-दिल्ली की फ्लाइट मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को दिल्ली से दोपहर 12 बजे उड़कर 1 बजे बरेली पहुंचती है और बरेली से 1:30 बजे उड़कर 2:30 बजे दिल्ली पहुंचती है। इसके साथ सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार की फ्लाइट दिल्ली से दोपहर 12:30 उड़कर 1:30 बजे बरेली पहुंचती है और बरेली से 2 बजे उड़कर 3 बजे दिल्ली पहुंचती है। 2070 रुपये किराया दिल्ली से बरेली आने के लिए है और 1959 रुपये किराया बरेली से दिल्ली जाने के लिए निर्धारित है।
मुंबई-बेंगलुरू फ्लाइट की बरेली से यह है टाइमिंग
14 अगस्त से बेंगलुरू के लिए शुरू हुई फ्लाइट अभी बेंगलुरू से सुबह 8.40 बजे उड़ान भरकर 11.30 बजे बरेली पहुंचती है। एयरपोर्ट से 12.30 बजे उड़कर दोपहर बाद 3.20 बजे बेंगलुरू पहुंचती है। ये फ्लाइट सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को संचालित होती है। जबकि 12 अगस्त से बरेली-मुंबई फ्लाइट शुरू हुई है। मुंबई से फ्लाइट सुबह 9.25 बजे उड़ान भरकर एयरपोर्ट पर 11.30 बजे पहुंचती है। बरेली से फ्लाइट दोपहर में 12.30 बजे उड़ान भरकर 2.40 बजे मुंबई पहुंचती है।
व्यापारी-उद्यमी बोले-उनकी मांग को लगे पंखे
सुबह की फ्लाइट बेहद सुविधाजनक साबित होगी। कोई भी व्यक्ति सुबह के समय दिल्ली पहुंचकर समय से अपना कार्य कर वापस आ सकेगा। इसी दिन शाम को वापसी होने से उसका समय भी बचेगा। -पीयूष अग्रवाल, उद्यमी
सुबह की फ्लाइट उद्यमियों के लिहाज से काफी ठीक रहेगी। अभी दोपहर में दिल्ली के लिए निकलते तो पूरा दिन बेकार हो जाता है। नई व्यवस्था से एक दिन खराब होने से भी बच जाएगा। -बिमल रेवाड़ी, उद्यमी
अभी दोपहर में फ्लाइट होने की वजह से कारोबार से संबंधित कोई काम पूरा नहीं कर सकते थे। शताब्दी ट्रेन भी इसी वजह से फेल हुई थी। एयरपोर्ट से दिल्ली का बाजार काफी दूर है। मार्निंग फ्लाइट से अब समय बच जाएगा। -सुरेश सुंदरानी, उद्यमी
व्यापारी इंटरसिटी से दिल्ली आना जाना करते थे लेकिन, वह कम समय दे पाते थे। अब सुबह की फ्लाइट शुरू होने का सबसे बड़ा फायदा व्यापारी वर्ग को यह होगा कि वह सुबह जाएगा और शाम को वापस आ जाएगा। -संजय आनंद, व्यापारी
दिल्ली के लिए सुबह के समय फ्लाइट शुरू होने से व्यापार को तो बढ़ावा मिलेगा ही, इससे रोजगार बढ़ने की पूरी संभावना भी बनी रहेगी। व्यापार करने के तरीके और समय दोनों को फायदा पहुंचेगा। -कृष्णदेव सूद, व्यापारी
फ्लाइट का संचालन बरेली से दिल्ली के लिए शुरू होने के बाद से ही व्यापारी वर्ग सुबह के समय फ्लाइट शुरू करने की मांग कर रहा था। अब काफी सुविधाजनक हो जाएगा। कारोबार को भी गति मिल जाएगी। -संतोष मिश्रा, व्यापारी नेता
व्यापारी प्रारंभ से ही मांग कर रहे थे की फ्लाइट सुबह की हो। अब व्यापारियों का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि उनका पूरा दिन काम में आ जाएगा और समय का सदुपयोग होगा। -राजेश जसौरिया, व्यापारी नेता
सुबह की फ्लाइट नौकरीपेशा वालों के लिए भी सुविधाजनक साबित होगी। दोपहर की फ्लाइट होने पर उनको एक दिन पहले जाना पड़ता था। अब सुबह की फ्लाइट से दिल्ली जाकर काम करने में काफी फायदा मिलेगा। -अनिल, साफ्टवेयर इंजीनियर
