बरेली: दुष्कर्म के बाद हत्या का शक, चार माह बाद कब्र से निकाला शव
सीबीगंज, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के एक गांव में चार माह पूर्व घर में फांसी के फंदे से लटके मिले किशोरी के शव मामले में नया मोड़ आ गया। किशोरी की मां ने बेटी की दुष्कर्म के बाद हत्या का गांव के ही कुछ लोगों पर आरोप लगाया। इस संबंध में डीएम को प्रार्थना पत्र …
सीबीगंज, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के एक गांव में चार माह पूर्व घर में फांसी के फंदे से लटके मिले किशोरी के शव मामले में नया मोड़ आ गया। किशोरी की मां ने बेटी की दुष्कर्म के बाद हत्या का गांव के ही कुछ लोगों पर आरोप लगाया। इस संबंध में डीएम को प्रार्थना पत्र सौंपा। बुधवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
गांव निवासी महिला ने बताया कि 7 जून को वह गांव स्थित सस्ता-गल्ला दुकान से राशन लेने गई थी। घर में उसकी 13 वर्षीय बेटी अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान पास में ही रहने वाले कुछ युवक घर में घुस आए। आशंका है कि आरोपियों ने बेटी से दुष्कर्म किया। फिर भेद खुलने के डर से बेटी की हत्या कर दी। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसे फंदे पर टांग दिया जब महिला राशन लेकर घर पहुंची तो किशोरी का शव दीवार के सहारे जमीन से सटा मिला। गले में रस्सी का फंदा भी कसा नहीं था।
शव निकालने की बनाई गई वीडियो
कुछ दिन पहले महिला ने डीएम नीतीश कुमार से मुलाकात कर हत्या की आशंका जताई थी। उसने बेटी का पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। डीएम की अनुमति के बाद बुधवार दोपहर एसीएम अरुण मणि व सीबीगंज इंस्पेक्टर (क्राइम) गोविंद सिंह ने वीडियोग्राफी कराते हुए शव को कब्र से बाहर निकलवाया। जिसके बाद पंचायत नामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
