Cyber Fraud: महिला के अकाउंट से 1 लाख रुपए गायब, चोरों ने ठगी का निकाला यह नया तरीका
सहारनपुर। जिले में एक महिला के साथ ठगी की गई और उसके अकाउंट से एक लाख रुपए उड़ा लिए गए। ऑनलाइन ठगी का शिकार हुई महिला अब थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगा रही है। सदर बाजार की लेबर कॉलोनी निवासी अलका शर्मा बीते दिन साइबर थाने में तहरीर देने पहुंची, जहां उन्होंने जानकारी देते …
सहारनपुर। जिले में एक महिला के साथ ठगी की गई और उसके अकाउंट से एक लाख रुपए उड़ा लिए गए। ऑनलाइन ठगी का शिकार हुई महिला अब थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगा रही है।
सदर बाजार की लेबर कॉलोनी निवासी अलका शर्मा बीते दिन साइबर थाने में तहरीर देने पहुंची, जहां उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि उसके मोबाइल नंबर पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक का अधिकारी बताया। महिला के मुताबिक फोन करने वाले व्यक्ति ने उससे पूछा कि उसका खाता बैंक आफ बड़ोदा में है। फोन करने वाले ने बैंक से संबंधित कई अन्य जानकारी भी दी। जिसके बाद अलका को विश्वास हो गया। महिला से युवक ने कहा कि उसका खाता सीज होने वाला है, जिससे उसके खाते में जो पूरा पैसा सरकार के पास चला जाएगा और पैसा नहीं मिलेगा।
साइबर ठग ने महिला को अपनी बातों में उलझाकर एक लिंक भेजा, जिससे एनी डेस्क रिमोट साफ्टवेयर नाम का एक एप डाउनलोड होना था। महिला ने अपने 14 साल के बेटे से इस एप को डाउनलोड कराया। एप डाउनलोड होते ही महिला के खाते से 1 लाख रुपए निकल गए।
साइबर ठगी का शिकार हुई महिला ने थाने में तहरीर दर्ज कराई है। साइबर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने जानकारी देते हुए बताया है कि महिला की तहरीर पर जांच शुरू का दी गई है।
