रामपुर: सिविल लाइंस में पूर्व एडीजीसी के घर से दिन दहाड़े 15 लाख की चोरी
रामपुर, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में चोरों ने दिन दहाड़े पूर्व एडीजीसी के घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और सत्तर हजार रुपये समेत करीब 15 लाख रुपये की चोरी कर ली। शिक्षिका पत्नी स्कूल गई थीं और पूर्व एडीजीसी कचहरी गए थे। बंद घर में छत के सहारे घुसकर चोर …
रामपुर, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में चोरों ने दिन दहाड़े पूर्व एडीजीसी के घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और सत्तर हजार रुपये समेत करीब 15 लाख रुपये की चोरी कर ली। शिक्षिका पत्नी स्कूल गई थीं और पूर्व एडीजीसी कचहरी गए थे। बंद घर में छत के सहारे घुसकर चोर ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। अभी तक चोरों के बारे में पता नहीं चल सका है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के जौहर लेन निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व एडीजीसी (पूर्व अपर लोक अभियोजक) दावर अली गुरुवार की सुबह कचहरी गए हुए थे। उनकी पत्नी चमरौआ प्राथमिक विद्यालय में अध्यापिका हैं। दो बेटे हैं जोकि बाहर रहकर नौकरी करते हैं। गुरुवार को जब दंपति घर में नहीं थे तो चोरों ने बंद घर को दिन दहाड़े निशाना बना लिया। गेट के बाहर से ताले लगे रहे, चोर छत के सहारे घर में घुस गए और सोने के जेवरात समेटने लगे।
चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर पूरी तरह से खंगाला। चोर करीब सत्तर हजार की नकदी समेत बीस तोला सोने के आभूषण समेट कर ले गए। दोपहर बाद घर वापस आने पर उनकी पत्नी ने ताला टूटा देखा तो उनके होश उड़ गए। अंदर कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा था। जिसको देखकर वह हक्का-बक्का रह गईं।
उन्होंने घटना की सूचना देकर पति दावर अली को बुलाया। बाद में घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों से जानकारी हासिल की। जानकारी करने पर पता चला चोर छत के सहारे घर में घुसे हैं। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है, अभी तक चोरों का पता नहीं लग सका है।
बेटा है आईबी में बड़ा अफसर
वरिष्ठ अधिवक्ता दावर अली के दो बेटे है, एक बेटा इंटेलिजेंस ब्यूरो में बड़ा अफसर है। छोटा बेटा दिल्ली में जाब करता है। घटना की सूचना मिलने पर अफसर बेटे ने भी पुलिस अधिकारियों को सूचना दी और चोरी के बारे में जानकारी हासिल की। सूत्रों के मुताबिक अफसर बेटे की शादी की तैयारियां भी चल रही थीं।
सीसीटीवी खंगाला तो एक चोर दिखा
पुलिस के मुताबिक जब घटनास्थल पर जाकर देखा तो घर में लगे सीसीटीवी की फुटेज चेक की गई, जिसमें एक चोर छत से नीचे आकर चैनल का ताला तोड़कर अंदर जाते दिखा। उसने पंखा भी खोला। एलसीडी भी खोला और थोड़ी देक बैठकर सामान समेटा और बाहर निकल गया। चोरी घटना दोपहर 12 बजे के बाद की बताई गई है। कुछ फुटेज पुलिस अपने साथ जांच के लिए ले गई है।
मोहल्ले वालों से भी पूछताछ की गई है। इस बीच कौन कौन गली में आया आसपास के भी सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि किसी ने कई दिन निगरानी करके चोरी की वारदात की है। उसे यह पता है कि चार बजे तक कोई नहीं आएगा, घर बंद रहता है।
क्षेत्र में आए दिन हो रहीं चोरी की वारदात
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं जिसको पुलिस रोक पाने में नाकाम साबित हो रही है। पिछले दिनों भी चोर एक व्यापारी के घर को निशाना बनाकर वहां से करीब बीस लाख का माल समेट कर ले गए। इसके साथ एक माह पहले चोर एक घर को निशाना बनाकर कीमती घड़ी सहित करीब दस लाख का माल ले गए। पुलिस उसका भी खुलासा नहीं कर सकी है।
पूरे दिन चेकिंग फिर भी हो रहीं घटनाएं
पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल के आदेश पर शहर भर में वाहन चेकिंग अभियान चला रही है। लेकिन उसके बाद भी चोर लगातार पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगाते हुए चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। लेकिन पुलिस रोकपाने में नाकाम साबित हो रही है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में अधिवक्ता के घर चोरी की वारदात हुई है। पुलिस टीम जांच कर रही है। सीसीटीवी कैमरे के जरिए चोरों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। -श्रीकांत प्रजापति, सीओ सिटी
