बरेली: नौकरी दिलाने के नाम पर पूर्व आयकर कमिश्नर ने की ठगी
बरेली, अमृत विचार। वन विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर एक पूर्व आयकर कमिश्नर ने बुजुर्ग से ठगी कर ली। पीड़ित ने जब उन्हें नोटिस भिजवाया तो कमिश्नर ने दो साथियों के साथ उसे घेर लिया और सरेराह मारपीट कर जाति सूचक शब्द कहे। कोर्ट के आदेश पर बारादरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ …
बरेली, अमृत विचार। वन विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर एक पूर्व आयकर कमिश्नर ने बुजुर्ग से ठगी कर ली। पीड़ित ने जब उन्हें नोटिस भिजवाया तो कमिश्नर ने दो साथियों के साथ उसे घेर लिया और सरेराह मारपीट कर जाति सूचक शब्द कहे। कोर्ट के आदेश पर बारादरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
आंवला के महसूदपुर निवासी बनारसी दास का आरोप है कि उन्होंने नवंबर 2015 से डेढ साल पहले अपने बेटे की नौकरी वन विभाग में लगाने के लिए राजेंद्र नगर के रहने वाले पूर्व आयकर कमिश्नर जेके श्रीवास्तव को 1.5 लाख रुपये दिए थे। इसके कई दिन बाद भी जब उनके बेटे की नौकरी नहीं लगी तो उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे। इसपर उन्होंने 50 हजार रुपये वापस कर दिए और बाकी रुपये मय ब्याज के देने की बात कहीं।
5 जनवरी 2021 को जब उन्होंने नोटिस के माध्यम से अपने रुपये मांगे तो भी उन्होंने उनके रुपये नहीं दिए। आरोप है कि वह 1 मार्च सामान लेने आए थे। जब वह वापस लौट रहे थे तो जेके श्रीवास्तव ने दो अन्य लोगों के साथ उन्हें गांधी उद्यान के पास घेर लिया और उनके साथ मारपीट करते हुए उनसे जाति सूचक शब्द कहे। पीड़ित ने पुलिस से इसकी शिकायत की लेकिन पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। गुरुवार को कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोर्ट के आदेश पर पूर्व आयकर कमिश्नर के खिलाफ धोखाधड़ी और एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। -नीरज मलिक, इंस्पेक्टर बारादरी
