बरेली: सेवानिवृत्त फौजी का बैंक में खाता खुलवाकर गैंग ने ठगे लाखों
बरेली, अमृत विचार। सेवानिवृत्त फौजी को फर्म शुरू करवाने का लालच देकर बैंक में खाता खुलवाकर एक गैंग ने लाखों की ठगी कर ली। आरोपियों ने फौजी के बैंक खाते में अपना मोबाइल नंबर डालकर खाते से रुपये ही गायब कर लिए। एडीजी के आदेश पर सुभाषनगर पुलिस ने तीन नामजद व एक अज्ञात के …
बरेली, अमृत विचार। सेवानिवृत्त फौजी को फर्म शुरू करवाने का लालच देकर बैंक में खाता खुलवाकर एक गैंग ने लाखों की ठगी कर ली। आरोपियों ने फौजी के बैंक खाते में अपना मोबाइल नंबर डालकर खाते से रुपये ही गायब कर लिए। एडीजी के आदेश पर सुभाषनगर पुलिस ने तीन नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
इन्द्रपुरम निवासी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि वह सेवानिवृत्त फौजी हैं। वह ऑटो रिपेयर की दुकान चलाते हैं। करीब 2 साल पहले उनकी दुकान पर बुखारा मोड़ निवासी राहुल गुप्ता अपना ऑटो लेकर पहुंचा। उसने अपने रिश्तेदार पटेल विहार निवासी विनोद कुमार गुप्ता को 5 लाख रुपये अपनी गारंटी पर उधार दिलावाए थे। जिसके बाद फौजी को जब रुपयों की जरूरत पड़ी तो उन्होंने विनोद से अपनी रकम वापस मांगी। जिसपर विनोद ने राहुल द्वारा उनसे धोखाधड़ी करने की बात की जानकारी दी।
विनोद ने बताया कि राहुल गल्ले के काम का बहाना बनाकर कई लोगों को झांसे में लेकर लाखों की ठगी कर चुका है। राहुल लोगों से फर्म बनवाने के नाम पर एचडीएफसी बैंक समेत कई बैंको में खाते खुलवाता है और हर किसी के खाते में अपना मोबाइल नंबर लिंक करवा देता है। फौजी ने बताया कि धोखाधड़ी की बात पता चलने पर राहुल की काफी तलाश की गई लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चला। बताया जा रहा है कि ऑटो रिक्शा चालक राहुल ने अपना एक आलीशान मकान भी तैयार करवा लिया। साथ ही महंगी गाड़ियां भी खरीद ली हैं।
पीड़ित ने बताया कि 17 अगस्त को उनकी अचानक मुलाकात राहुल से हुई तो उन्होंने अपने 5 लाख रुपये वापस मांगे। जिसपर राहुल ने उन्हें चेक देने की बात कही। आरोप है कि 18 अगस्त को 3 लोग अचानक मेरे घर के दूसरे माले पर पहुंचे और तमंचा दिखाते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। शोर मचाने और पुलिस को बुलाने की कोशिश करने पर आरोपी फरार हो गए और राहुल गुप्ता छज्जे से लटकर कूद गया।
आरोप है कि राहुल के साथ उसके पिता ओम प्रकाश गुप्ता भी धमकी देने के लिए सेवानिवृत्त फौजी के घर पहुंचे थे। मामले में एडीजी से शिकायत के बाद सुभाषनगर पुलिस ने आरोपी विनोद कुमार गुप्ता, राहुल गुप्ता, ओम प्रकाश गुप्ता समेत एक अज्ञात पर गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
इलाज की बात कहकर छोड़ दिए आरोपी
सेवानिवृत्त फौजी ने बताया कि जब उनके घर पर हमला हुआ था तो आरोपी राहुल अपनी चाबी लगी कार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया था। वहीं पुलिस के आने पर उन्होंने कार को उनके हवाले कर दिया। इसके साथ ही आरोपी राहुल के पिता को भी पुलिस थाने ले गई। तहरीर लेने के बाद कुछ घंटों में एफआईआर की कॉपी ले जाने को कहा।
जब वह कॉपी लेने पहुंचे तो पुलिस ने बताया कि राहुल का आरोपी पिता अपने एक साथी के साथ कार लेकर इलाज के लिए अस्पताल गया है। आरोप यह भी है कि पुलिस के मुताबिक आरोपी राहुल को अस्पताल में इलाज के लिये भेजा गया था। वहीं करोड़ो की ठगी करने वाले आरोपी को सुभाषनगर पुलिस ने बिना रिपोर्ट दर्ज किए ही थाने से जाने दिया।
आयकर विभाग भी कर चुका है मुख्यारोपी का चालान
फौजी ने बताया कि राहुल गुप्ता के बारे में जानकारी हासिल करने पर पता चला कि उसकी गैंग में मढ़ीनाथ निवासी मौसम शर्मा, व विनोद कुमार गुप्ता समेत पीलीभीत व बदायूं के युवक भी शामिल हैं। साथ ही यह भी पता चला कि जीएसटी की चोरी के चलते राहुल गुप्ता व उसके दो अन्य साथियों पर आयकर विभाग द्वारा चालान भी किया जा चुका है।
