मुरादाबाद: पत्नी के दुपट्टे से फांसी लगाकर युवक ने की खुदकुशी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के नया गांव में युवक ने पत्नी के दुपट्टे से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पेंटिंग का काम करने वाले युवक का देर रात पत्नी से विवाद हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र …

मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के नया गांव में युवक ने पत्नी के दुपट्टे से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पेंटिंग का काम करने वाले युवक का देर रात पत्नी से विवाद हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कराए।

थाना क्षेत्र के नया गांव निवासी बबलू के मकान में किराए पर रहने वाला 30 वर्षीय विजय उर्फ बल्लू पुताई का काम करता था। विजय की शादी गोरखपुर निवासी सुरभि के साथ हुई थी। सुरभि और विजय के तीन बच्चे वंश, वंशिका और छोटी हैं। सुरभि अपने तीनों बच्चों के साथ पिछले तीन साल से मायके में रह रही है। चार महीने से काजल नाम की युवती अपनी बेटी अनन्या के साथ विजय के साथ पत्नी की तरह रह रही थी।

गुरुवार देर रात विजय शराब पीकर आया था। इसे लेकर उसका काजल से विवाद हुआ। इसके बाद वह पड़ोस में ही दूसरे मकान में किराए पर रहने वाली अपनी मां सावित्री के पास जाकर सो गया। रात में करीब ढ़ाई बजे काजल अपने कमरे की चाभी सावित्री को देकर कहीं चली गई थी। सावित्री ने बताया कि उनका बेटा सुबह काम पर चला गया था। वह दोपहर में करीब 12 बजे घर आया और अपने कमरे में चला गया। इसके बाद उसने दरवाजा अंदर से बंद करके लिंटर के कुंडे से काजल के दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। झाड़ू पौंछा करके लौटी काजल ने दरवाजा बंद देखा तो आवाजें दीं। कई बार दरवाजा भी खटखटाया मगर अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। तब उसने मकन के पीछे स्थित खिड़की से झांक कर देखा तो पैरों तले से जमीन खिसक गई। अंदर विजय का शव लटका था।

जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर क्राइम गजेंद्र त्यागी, कैंप चौकी प्रभारी दिनेश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य एकत्र कराए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने काजल को बिना बताए शहर से बाहर नहीं जाने के निर्देश दिए हैं। मृतक की मां ने काजल पर बेटे को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है।

मृतक मूल रूप से पीलीभीत के मोहल्ला खोकरा गौरीशंकर मंदिर के पास का निवासी था। वह वर्षों पहले अपनी विधवा मां सावित्री, भाइयों रूपम सोनू और कन्नू के साथ पीएसी के सामने स्थित नया गांव में किराये पर रहता था। उसकी चारों बहन मीना, सीमा, पूजा और पिंकी भी महानगर में ही रहती हैं। बड़ा भाई रूपम चाय का ठेला लगाता है। जबकि विजय और कन्नू मकानों की पुताई का काम करते हैं। उनकी मां लोगों के घरों में झाड़ू पौंछा करती है।

चार महीने से काजल के साथ था लिव इन रिलेशन में
विजय की मां सावित्री ने बताया कि चार महीने से वह काजल नामक युवती के साथ बिना शादी किए ही रह रहा था। इस दौरान एक बार उसकी पत्नी सुरभि आई थी तो काजल ने हंगामा करते हुए पुलिस से शिकायत कर दी थी।

दोस्त के भाई की पत्नी है काजल
काजल ने बताया कि विजय उसके देवर का दोस्त है। उसका पति राजू मानसरोवर गौतम नगर में डायमंड स्कूल के पास रहता है। वहीं पर उसकी जान पहचान विजय से हुई। धीरे-धीरे दोनों में प्यार हो गया और वह पति को छोड़कर अपनी मासूम बेटी अनन्या के साथ विजय के पास आ गई। काजल ने बताया कि उन्होंने अभी शादी नहीं की थी। मगर वह विजय के साथ पत्नी की तरह ही रह रही थी।

संबंधित समाचार