यूपी: अखिलेश ने महंगाई को लेकर भाजपा पर बोला हमला, जानें क्या कहा?

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा है कि भाजपा सरकार जाने किस अपराध में जनसाधारण को ज्यादा से ज्यादा तकलीफें देने पर आमादा है। अभी जितनी महंगाई है, उससे ही लोगों की कमर टूट गई है। अब उस पर और ज्यादा जुल्म करने …

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा है कि भाजपा सरकार जाने किस अपराध में जनसाधारण को ज्यादा से ज्यादा तकलीफें देने पर आमादा है। अभी जितनी महंगाई है, उससे ही लोगों की कमर टूट गई है। अब उस पर और ज्यादा जुल्म करने का भी इरादा हो गया है। उन्होंने कहा कि गरीब तो पहले से ही सांसे गिन रहा था अब मध्यमवर्ग को भी मिटाने की योजना पर अमल शुरू हो गया है।

भाजपा की जनविरोधी नीतियों से पूरे देश में आक्रोश है। अपने हर वादे को कूड़े के ढेर में फेंक देने वाली भाजपा ने संकल्प-पत्र में मंहगाई और भ्रष्टाचार कम करने की घोषणा जोरशोर से की थी लेकिन सत्ता में आने के बाद इन्होंने हर दिन लोगों को मंहगाई की आग में जलाया है। ताजी सूचना है कि त्योहार के मौसम में पेट्रोल-डीजल के साथ रसोई गैस के दाम और ज्यादा बढ़ सकते हैं। सरकार के आंतरिक सर्वे में आया है कि उपभोक्ता एक हजार रुपये का सिलेंडर भी खरीद सकते हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दामों में भारी बढ़ोत्तरी के बाद परिवहन की दरों में भारी उछाल आया है और आवागमन मंहगा हुआ है। डीजल खेती के काम में इस्तेमाल होता है, जिससे सिंचाई की लागत भी बढ़ गई है। वैसे भी किसान बदहाल है उसे न तो फसल का लागत मूल्य मिल रहा है और ना हीं प्रधानमंत्री के वादे की दुगनी आय हासिल हुई।

उन्होंने कहा कि करोड़ों मुफ्त गैस कनेक्शन का ढिंढोरा पीटने वाले मुख्यमंत्री जनता से तो रूबरू होते नहीं इसलिए उन्हें लोगों की मुश्किलों की जानकारी ही नहीं होती है। गरीब परिवार उज्जवला के मंहगे सिलेंडर भरवाने में असक्षम है। अभी गैस सिलेंडर 190.50 रुपये मंहगा हो गया है। सरकार इसके दाम और बढ़ाकर जनता के धैर्य की परीक्षा लेने पर आमादा है।

संबंधित समाचार