बरेली: स्मार्ट वाच से नकल करते पकड़ा छात्र
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षा में बरेली कॉलेज में लगातार नकलची पकड़े जा रहे हैं। तीसरे दिन भी तीन नकलची पकड़े गए जिसमें एक छात्र स्मार्ट वाच से नकल कर रहा था। एक छात्र ने नकल मुंह में रख ली और एक छात्र नेता ने नकल पकड़े जाने पर …
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षा में बरेली कॉलेज में लगातार नकलची पकड़े जा रहे हैं। तीसरे दिन भी तीन नकलची पकड़े गए जिसमें एक छात्र स्मार्ट वाच से नकल कर रहा था। एक छात्र ने नकल मुंह में रख ली और एक छात्र नेता ने नकल पकड़े जाने पर जमकर हंगामा किया। तीनों छात्रों का यूएफएम फार्म भरवाया गया है। सबसे ज्यादा नकलची एलएलबी की परीक्षा में पकड़े जा रहे हैं। अब तक कॉलेज में 10 नकलची पकड़े गए, जिसमें 8 एलएलबी में पकड़े गए हैं। अधिकांश छात्र मोजों में नकल छिपाकर ला रहे हैं।
बरेली कॉलेज की चीफ प्रॉक्टर वंदना शर्मा ने बताया कि न्यू एग्जामिनेशन हाल में बीसीए का छात्र नकल कर रहा था। वह पीलीभीत बाईपास स्थित एक मैनेजमेंट कॉलेज का छात्र है। कंट्रोल रूम में सीसीटीवी से देखने पर पता चला कि वह लगातार अपने हाथ में पहनी घड़ी को देख रहा है। घड़ी की लाइट भी जल रही है। उसके बाद कक्ष में जाकर छात्र की घड़ी देखी तो पता चला कि वह स्मार्टवाच थी जब छात्र से पासवर्ड खुलवाकर देखा तो वह स्मार्ट वाच में कई वीडियो अपलोड करके लाया था।
उसके बाद छात्र ने घड़ी छोड़ने की बात कही लेकिन उसकी घड़ी को जब्त कर लिया गया और उसका यूएफएम भराया गया है। छात्र को शनिवार को कॉलेज बुलाया गया है, ताकि पासवर्ड ओपन कराकर सीडी में वीडियो अपलोड कराई जा सकें। प्राचार्य से वार्ता के बाद ही उसकी घड़ी वापस करने का निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एलएलएबी षष्टम सेमेस्टर की परीक्षा में एक छात्र नेता को कमरा नंबर 37 में नकल करके पकड़ा गया। वह पेंट में नकल छिपाकर लाया था। उसने नकल पकड़े जाने पर जमकर हंगामा किया लेकिन उसका भी यूएफएम भरा गया। इसी तरह से एलएलबी षष्टम सेमेस्टर के छात्र को कक्ष संख्या 17 में नकल करते पकड़ लिया गया। उड़न दस्ते के पहुंचने पर उसने नकल मुंह में रख ली और निगलने का प्रयास किया लेकिन उससे नकल उगलवाकर बाहर निकलवायी गई। उसके बाद उसका यूएफएम भरा गया। तीनों की रिपोर्ट विश्वविद्यालय भेज दी है।
