बरेली: युवकों को छोड़ने के लिए 2 लाख लेने की ऑडियो वायरल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शीशगढ़, अमृत विचार। स्मैक तस्करी के कथित मामले में पूछताछ के लिए पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया। दोनों आरोपियों की पैरवी करते हुए पुलिस से छुड़वाने के लिए एक नेता की पुलिस से सांठगाठ करने व लाखों रुपये की लेन-देन की ऑडियो वायरल हो गई। दोनों आरोपियों के परिजनों ने थाना में …

शीशगढ़, अमृत विचार। स्मैक तस्करी के कथित मामले में पूछताछ के लिए पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया। दोनों आरोपियों की पैरवी करते हुए पुलिस से छुड़वाने के लिए एक नेता की पुलिस से सांठगाठ करने व लाखों रुपये की लेन-देन की ऑडियो वायरल हो गई। दोनों आरोपियों के परिजनों ने थाना में कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।

शनिवार की देर शाम पुलिस और परिजनों व नेता के बीच समझौता हो गया और दो लाख रुपये भी वापस कर दिए। एसएसपी ने पूरे मामले की जांच सीओ बहेड़ी को सौंप दी है। सीओ बहेड़ी अजय गौतम ने तस्करी के मामले से इन्कार किया और दोनों युवकों के बीच विवाद की बात कही। उन्होंने वायरल ऑडियो की भी जांच की बात कही है।

गुरुवार को बहेड़ी अड्डे स्थित एक पेट्रोल पंप पर शेरगढ़ निवासी युवक अपने रिश्तेदार के साथ खड़ा था। वह उधार के 30 हजार रुपये लेने आया था। इसी दौरान शीशगढ़ थाना के तीन पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को स्मैक तस्करी के मामले में उठाकर थाने ले गए। आरोप है कि पुलिस ने थाने में युवकों को छोड़ने के लिए 4 लाख रुपये की मांग की थी। जिसके बाद एक युवक ने अपने भाई से फोन पर बात कर पूरा मामला बताया।

मामला पता चलते ही एक स्थानीय नेता से संपर्क किया गया और डील कराने की बात कही गई। जिसके बाद नेता और पुलिस के बीच 2 लाख रुपये में सौदा हुआ। जिसके तहत देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच युवक के भाई ने एक लाख रुपये नेता के खाते में ट्रांसफर किए। जिसकी अगली सुबह 50 हजार की रकम और भेजी। साथ ही शुक्रवार की सुबह करीब 9 बजे 50 हजार रुपये नगद नेता को दिए। जिसके बाद नेता ने दोनों युवक परिजनों के हवाले कर दिए।

हालांकि घर पहुंचने के बाद युवकों ने परिजनों को पूरी बात बताई। वहीं ऑडियो वायरल होने के बाद परिजनों ने थाने में युवकों की बेगुनाही बताते हुए तहरीर दी। साथ ही दिनभर युवकों के परिजनों का थाने में जमावड़ा लगा रहा।

संबंधित समाचार