बरेली: जिले में बढ़ा डेंगू का प्रकोप, 10 मरीजों में हुई पुष्टि

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिले में डेंगू के मामलों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी होने लगी है। महज 48 घंटे में डेंगू के 10 नए मरीज मिले हैं। उनकी एलाइजा रीडर की जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। शनिवार को एनएस-1 कार्ड से कुल 68 सैंपलों की जांच की गई। डेंगू मरीजों की संख्या 40 …

बरेली, अमृत विचार। जिले में डेंगू के मामलों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी होने लगी है। महज 48 घंटे में डेंगू के 10 नए मरीज मिले हैं। उनकी एलाइजा रीडर की जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। शनिवार को एनएस-1 कार्ड से कुल 68 सैंपलों की जांच की गई। डेंगू मरीजों की संख्या 40 हो गई है। जिसमें से दो मरीजों की मौत हो चुकी है।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार जिले में घर-घर सर्वे के दौरान डोमेस्टिक ब्रीडर्स चेकर्स ने 914 घरों का सर्वे किया जिसमें 28 घरों में लार्वा मिला है, जबकि 3007 कंटेनर की जांच की जिसमें से 43 कंटेनरों में डेंगू का लार्वा निकला है। जिले में शनिवार को पांच लोगों में डेंगू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जबकि शुक्रवार देर रात को पांच अन्य लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई।

इस तरह बीते दो दिनों में 10 डेंगू के मरीज मिले हैं। बीते शुक्रवार को मढ़ीनाथ की महिला, मीरगंज का युवक, सुभाषनगर की युवती समेत सीबीगंज के खलीलपुर में दो लोगों में मरीजों की पुष्टि हुई है। पुलिस लाइन में रहने वाली महिला की जांच में भी डेंगू की पुष्टि हुई है। एसीएमओ प्रशासन डा. हरपाल सिंह के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को डेंगू प्रभावित इलाकों में लार्वा नष्ट करने का अभियान चलाया गया। इस दौरान कूलर, गमलों में से मिले लार्वा को नष्ट कराया गया।

4543 मलेरिया मरीजों की जांच
जिले में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ने 4543 मरीजों की मलेरिया की जांच की। जिसमें 73 लोग मलेरिया से ग्रसित पाए गए। सीएमओ डा. बलवीर सिंह ने बताया कि इसमें 41 लोग प्लाज्मोडियम वाईवैक्स के तो 32 मरीज जानलेवा प्लाज्मोडियम फाल्सीपेरम के निकले हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार अब तक साल भर में 2058 मलेरिया के मरीज निकल चुके हैं। बीते साल इस समय तक जिले में मलेरिया के 9228 मरीज मिल चुके थे।

21 मरीजों को मिली अस्पताल से छुट्टी
जिले में डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच राहत की बात ये है कि इसमें ठीक होने वालों की संख्या भी बढ़ी है। सीएमओ डा. बलवीर सिंह ने बताया कि वर्तमान में 21 मरीजों को निजी व सरकारी अस्पताल से उपचार के दौरान छुट्टी मिल चुकी है। जबकि 17 मरीजों को निजी व सरकारी अस्पतालों में उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

एपिडेमियोलॉजिस्ट स्वयं नापेंगे अक्षांतर व देशांतर
बीते दिनों बच्चे की डेंगू से हुई मौत के पांच दिन बाद भी आईडीएसपी पर अपलोड न करने के मामले में सीएमओ से नोटिस मिलने के बाद सीएमओ डा. बलवीर सिंह ने एतिडेमियोलॉजिस्ट को स्वयं जाकर अक्षांतर व देशांतर भरने के निर्देश जारी किए है।

शहरी में अधिक है डेंगू के मरीज
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार वर्तमान में जिले में 40 कुल डेंगू के मरीज हैं, जिसमें से शहरीय इलाकों में 29 मामले तो ग्रामीण इलाकों में 11 मामले हैं। इसका मुख्य कारण नगर निगम की ओर से फॉगिंग न कराने को लेकर माना जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियो के अनुसार ग्रामीण इलाकों में फागिंग की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की होती है, जबकि नगरीय क्षेत्र में नगर निगम की।

लेबर कालोनी में अब तक निकले पांच डेंगू के मामले
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार लेबर कालोनी को डेंगू के मामले में सर्वाधिक संवेदनशील माना है। बता दें कि लेबर कालोनी में अब तक कुल डेंगू के पांच मामले निकले हैं। जबकि सिविल लाइंस में एक्र, गणेश नगर में तीन, इन्डस्ट्रियल एरिया सीबीगंज में एक, मथुरापुर में दो, कुरैशी मोहल्ला में एक, फरीदपुर नगर पंचायत बहेड़ी में एक, कानून गोयन में एक, शास्त्री नगर में एक, तृप्ति विहार में एक, जौहरपुर में एक, नकटिया में एक, सिकलापुर में एक, सदर कैंट में एक, खलीलपुर में दो, रविद्र नगर में एक, जगदीश भवन में दो, प्रगति नगर में एक, तुलसी नगर में एक, शाहबाद में एक, मेगा ड्रीम होम में एक मरीज मिले हैं।

ग्रामीण क्षेत्र में बिलारी संवेदनशील
ग्रामीण इलाकों में सबसे ज्यादा बिथरी चैनपुर के बिलारी गांव में सर्वाधिक तीन मामले निकले हैं। वहीं, मझगवां के बेहटाजुनु में एक, टि्यूली बहेड़ी में एक, भूड़ा में एक, बैंकुंठापुर भोजीपुरा में एक, भीकमपुर बिथरी चैनपुर में एक, खन्जनपुर भोजीपुरा में एक, मिर्जापुर जागीर, नवाबगंज में एक, जनौर मीरगंज में एक डेंगू के मरीज निकले हैं।

जिले में डेंगू के दस मामले निकलने के बाद जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है। घर-घर सर्वेक्षण के लिए टीमों को भी तैनात किया जा रहा है। -डा. बलवीर सिंह, सीएमओ।

संबंधित समाचार