देवरिया: मंत्री पुत्र ने बीडीओ से की मारपीट, दोनों तरफ से मुकदमा दर्ज, जानें मामला
देवरिया। उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के गौरीबाजार विकास खंड परिसर में शनिवार को गरीब कल्याण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में गौरीबाजार विकास खंड विकास के प्रभारी बीडीओ तथा मंत्री पुत्र के बीच हुई मारपीट के प्रकरण में गौरीबाजार थाने में दोनों तरफ से कई लोगों के खिलाफ गम्भीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया …
देवरिया। उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के गौरीबाजार विकास खंड परिसर में शनिवार को गरीब कल्याण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में गौरीबाजार विकास खंड विकास के प्रभारी बीडीओ तथा मंत्री पुत्र के बीच हुई मारपीट के प्रकरण में गौरीबाजार थाने में दोनों तरफ से कई लोगों के खिलाफ गम्भीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी रूद्रपुर अम्बिका प्रसाद ने आज यहां बताया कि गौरीबाजार के प्रभारी बीडीओ संजय पांडेय की तहरीर पर शनिवार की रात प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद के पुत्र एवं ब्लाक प्रमुख अनीता निषाद के पति विश्वविजय निषाद सहित 11 लोगों को नामजद एवं 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ गम्भीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है, वहीं विश्व विजय निषाद के तरफ से पुलिस ने बीडीओ तथा अन्य के खिलाफ गम्भीर दफाओं के साथ हरिजन उत्पीड़न का केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। क्षेत्राधिकारी का कहना है कि अभी इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
गौरतलब है कि कल हुई इस घटना से लोगों के अन्दर सनसनी फैल गई थी तथा इस मारपीट की घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने पर जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने घटना की जांज के लिये सीडीओ रवींद्र कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक और एसडीएम सदर सौरभ सिंह की तीन सदस्यीय टीम का गठन घटना की जांच के लिये किया था।जांच टीम की रिपोर्ट के बाद शनिवार की देर रात दोनों तरफ से गम्भीर दफाओं मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
