अब गोवा पुलिस पकड़कर ले गई बरेली से साइबर ठग
बरेली, अमृत विचार। नाइजीरियन के साथ मिलकर साइबर क्राइम की घटनाओं को अंजाम देने वालों में बरेली के ठगों का कनेक्शन लगातार सामने आ रहा है। नाइजीरियन रॉबर्ट व उसके फरीदपुर निवासी एक गुर्गे की गिरफ्तारी हो चुकी है। अब साइबर ठगी के लिए बदनाम फतेहगंज पश्चिमी के धंतिया गांव में गोवा पुलिस दबिश देकर …
बरेली, अमृत विचार। नाइजीरियन के साथ मिलकर साइबर क्राइम की घटनाओं को अंजाम देने वालों में बरेली के ठगों का कनेक्शन लगातार सामने आ रहा है। नाइजीरियन रॉबर्ट व उसके फरीदपुर निवासी एक गुर्गे की गिरफ्तारी हो चुकी है। अब साइबर ठगी के लिए बदनाम फतेहगंज पश्चिमी के धंतिया गांव में गोवा पुलिस दबिश देकर दो युवकों को पकड़कर ले गई है। बताया जा रहा है कि वह ई-मेल हैक कर एकाउंट में सेंध लगाते थे।
शनिवार देर रात गोवा पुलिस ने बरेली पुलिस बताया कि गोवा में नाइजीरियन साइबर ठग गैंग ने मिलकर एक व्यक्ति का ई-मेल हैक कर लाखों रुपये की ठगी की है। साइबर ठगी की रकम बरेली के धंतिया निवासी युवक शिवकुमार और हाफिजगंज के हरहरपुर मटकली निवासी गुलाम गौश के खाते में डाली थी। सूचना पर पुलिस ने आरोपियों के एकाउंट नंबर से उनके पते निकालकर उनके घर दबिश दी और गिरफ्तार कर लिया।
सीबीगंज पुलिस ने भी दोनों आरोपियों से पूछताछ की जिसमें सामने आया कि गैंग के दोनों सदस्य मिलकर ई मेल हैक कर संबंधित व्यक्ति के बारे में सारी जानकारी जुटाते हैं। फिर ठगी की घटना को अंजाम दिया जाता है। दोनों ने बताया कि वह दोनों बैंक एकाउंट का प्रबंधन देखने के साथ उसमें आए पैसे निकासी का काम करते हैं। गोवा पुलिस दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर चली गई। वहां उनसे पूछताछ कर अन्य लोगों के नामों की जानकारी जुटाई जाएगी।
साइबर ठगी के लिए बदनाम है धंतिया
धंतिया गांव साइबर ठगी के लिए बदनाम है। इस छोटे से गांव में रहने वाले 70 फीसदी लोग साइबर ठगी करने वालों के लिए एकाउंट खुलवाने का काम करते हैं। इस गांव के रहने वाले लोग लग्जरी कारों से घूमते हैं। फॉर्चूनर और मसर्डीज कारें लोगों के घरों के बाहर खड़ी मिल जाएंगी।
गोवा में हुई एक साइबर ठगी के मामले में वहां की पुलिस बरेली आई थी और फतेहगंज पश्चिमी के धंतिया गांव निवासी दो लोगों को पकड़कर ले गई है। -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
