बरेली: घर जाते समय दबंगों ने स्कूटी रोककर अपहरण का किया प्रयास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। ऑफिस से रविवार देर शाम घर जाते समय कुछ दबंगों ने एक युवती की स्कूटी रोककर अपहरण करने का प्रयास किया। युवती के किसी तरह घर पहुंचने के बाद आरोपियों ने दोबारा अपहरण का प्रयास किया। विरोध करने पर उसके जीजा व भाई की पिटाई भी की। वहीं धमकी देते हुए आरोपी …

बरेली, अमृत विचार। ऑफिस से रविवार देर शाम घर जाते समय कुछ दबंगों ने एक युवती की स्कूटी रोककर अपहरण करने का प्रयास किया। युवती के किसी तरह घर पहुंचने के बाद आरोपियों ने दोबारा अपहरण का प्रयास किया। विरोध करने पर उसके जीजा व भाई की पिटाई भी की। वहीं धमकी देते हुए आरोपी मौके से फरार हो गए। युवती ने सोमवार को प्रेमनगर थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। इंस्पेक्टर शितांशु शर्मा का कहना है कि युवती की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी पुलिस की हिरासत में होंगे।

प्रेमनगर थाना क्षेत्र की युवती ने बताया कि वह शहर में ही एक कपड़ों के शोरूम में नौकरी करती है। रविवार देर शाम करीब 7:30 बजे वह अपने घर जा रही थी कि रास्ते में ही इलाके के ही रहने वाले तालिब ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसकी स्कूटी रोक ली और जबरन उसे ले जाने का प्रयास करने लगे। युवती के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। दबंगों से बचकर युवती किसी तरह अपने घर पहुंची, जहां परिजनों को आपबीती बताई।

युवती के परिजन शिकायत करने तालिब के घर पहुंचे तो उसके घरवालों ने बदतमीजी करते हुए वापस भेज दिया। इसी बात से गुस्साया तालिब अपने साथी शोबी, ईशान व नाजिम के साथ एक बार फिर रात करीब 8:30 बजे युवती के घर पहुंचा, जहां युवती के जीजा समीर व भाई से जमकर मारपीट की और युवती को जबरन खींचकर ले जाने लगे। युवती के मुताबिक किसी तरह परिजनों ने आरोपियों के चंगुल से छुड़वाया।

मोबाइल नंबर न देने पर दी थी तेजाब डालने की धमकी
युवती ने बताया कि तालिब अक्सर रास्ते में उसका पीछा करता है। कई बार उसने छेड़छाड़ भी की। आरोप है कि तालिब उस पर मोबाइल नंबर देने और अकेले में मिलने का दबाव बनाता है, जिसका युवती विरोध करती है। इस वजह से आरोपी पहले भी युवती पर तेजाब डालने की धमकियां दे चुका है। आरोपी की लगातार धमकियों और छेड़छाड़ से परेशान होकर युवती ने ऑफिस जाने के रास्ता भी बदल लिया था। बावजूद इसके दबंग आरोपी युवती से अभद्रता करता आ रहा है।

पिछले कुछ दिनों में लड़कियों व महिलाओं से छेड़छाड़ के कई मामले आए हैं सामने
शहर में लगातार महिलाओं व युवतियों से छेड़छाड़ व अभद्रता के मामले सामने आ रहे हैं। देहात से लेकर शहर तक कई जगहों पर दुष्कर्म के मामले भी सामने आए हैं। करीब एक महीने पहले कोतवाली क्षेत्र के सर्किट हाउस चौराहे से भी एक युवती का अपहरण हुआ था। हालांकि जांच के बाद युवती के परिजनों द्वारा ही उसे जबरन ले जाने की बात सामने आई थी। वहीं करीब तीन दिन पहले बारादरी क्षेत्र में मालियों की पुलिया पर कार सवार कुछ युवकों ने स्कूटी से जा रही फिजियोथेरेपिस्ट व पत्रकारिता की छात्रा का पीछा कर छेड़छाड़ करते हुए उठाने की धमकी दी थी।

2 सितंबर को इज्जतनगर थाना क्षेत्र में कक्षा 5 की एक छात्रा के साथ एक युवक ने रास्ते में घेरकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। वहीं शनिवार की देर शाम सुभाषनगर क्षेत्र में भी मामा के घर जा रही एक स्नातक की छात्रा को घर में खींचकर उसके साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया था।

संबंधित समाचार