बरेली: रेलवे की टीम ने शाहदाना रेलवे ग्राउंड से हटवाया अतिक्रमण
बरेली, अमृत विचार। बारादरी के ईंट पजाया के पास शाहदाना रेलवे ग्राउंड की खाली पड़ी जमीन पर वर्षों पुराने अतिक्रमण को रेलवे की तरफ से मंगलवार को हटवाया गया। हालांकि इस दौरान अतिक्रमणकारियों ने विरोध भी किया लेकिन मौके पर मौजूद फोर्स को देखा तो उनके हाथ-पांव ढीले पड़ गए। इससे पहले भी रेलवे की …
बरेली, अमृत विचार। बारादरी के ईंट पजाया के पास शाहदाना रेलवे ग्राउंड की खाली पड़ी जमीन पर वर्षों पुराने अतिक्रमण को रेलवे की तरफ से मंगलवार को हटवाया गया। हालांकि इस दौरान अतिक्रमणकारियों ने विरोध भी किया लेकिन मौके पर मौजूद फोर्स को देखा तो उनके हाथ-पांव ढीले पड़ गए। इससे पहले भी रेलवे की तरफ से ईंट पजाया चौराहे के पास अतिक्रमण कर बनाए गए पक्के मकानों को तोड़ा गया था, जिसका लोगों ने जमकर विरोध किया था।
रेलवे की जमीन पर 2001 से पहले की बंद पड़ी एनईआर की रेलवे लाइन पर लोगों ने अतिक्रमण कर लिया। इस पर पहले तो आसपास रहने वालों ने झुग्गी और झोपड़ी बनाई तो कुछ लोगों ने अपने मकान के पीछे हिस्से में गेट लगाकर कब्जा कर लिया। हालांकि रेलवे अफसरों की तरफ से अतिक्रमणकारियों को पहले भी नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया था। लेकिन अतिक्रमण हटाने के नाम पर कभी कार्रवाई नहीं की गई। कुछ माह पहले रेलवे की तरफ से पक्के निर्माण पर जेसीबी चलवाकर उसे तोड़ दिया था।
रेलवे की टीम ने शाहदाना रेलवे ग्राउंड पहुंचकर रेता बजरी के ढेर लगाकर किए गए अतिक्रमण को हटाया। जिसका कुछ लोगों ने विरोध भी किया मगर रेलवे ने अपनी कार्रवाई जारी रखी। -राजेंद्र सिंह, पीआरओ, इज्जतनगर रेलवे
