बरेली: शराब पीकर चलती कार में सोया युवक, कईयों को मारी टक्कर
बरेली, अमृत विचार। शराब के नशे में धुत होकर एक व्यक्ति भीड़ में कार लेकर सड़कों पर निकल गया। नशे में चूर होने के बाद कार में ही हो गया और कार चलती रही। इस बीच कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी। बामुश्किल पीछा कर ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने किसी तरह कार को …
बरेली, अमृत विचार। शराब के नशे में धुत होकर एक व्यक्ति भीड़ में कार लेकर सड़कों पर निकल गया। नशे में चूर होने के बाद कार में ही हो गया और कार चलती रही। इस बीच कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी। बामुश्किल पीछा कर ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने किसी तरह कार को रोका और चालक को जिला अस्पताल भिजवाया।
मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र का है। क्षेत्र के एक ही मोहल्ले में रहने वाला एक व्यक्ति शराब के नशे में इतना धुत हो गया कि उसे यह भी होश नहीं रहा कि वह कार को किस रफ्तार से चला रहा है। कार चलाते-चलाते व्यक्ति शराब के नशे में ही कार लॉक करके बेहोश हो गया। अनियंत्रित कार और बेहोश कार चालक सड़क पर राहगीरों की मौत बनकर दौड़ती रही। इसी दौरान कार ने दुकान व एक बाइक में टक्कर मार दी।
प्रेमनगर धर्मकांटे पर ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी टीएसआई कमलेश ठाकुर ने जब अनियंत्रित कार और बेहोश कार चालक को देखा तो हैरान रह गए और तत्काल कार को रोकने का प्रयास किया। कार का पीछा करते हुए टीएसआई ने राम जानकी मंदिर के पास कार के आगे आइसक्रीम का ठेला लगवा दिया जिससे टकराने के बाद कार रुकी तो स्थानीय लोग भी कार के पास पहुंच गए और पहियों के नीचे ईंटें लगाकर कार को रोका। कार लॉक होने की वजह से कार का शीशा तोड़कर चालक को बाहर निकाला और स्थानीय पुलिस को सूचित किया।
सूचना पर पहुंची चीता मोबाइल कर्मियों ने चालक को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि कार की टक्कर में कोई हताहत नहीं हुआ लेकिन कार चालक की यह लापरवाही कई राहगीरों की मौत या गंभीर रूप से घायल होने की वजह बन सकती थी। वहीं कार के नंबर से पता लगाया तो पाया कि चालक प्रेमनगर के ही रहने वाले एक चिकित्सक का बेटा है। जिसके बाद चालक की पत्नी व पिता को सूचना देकर उनके सुपुर्द कर दिया गया।
