बरेली: जिले में अब कुल 58 हुई डेंगू मरीजों की संख्या
बरेली, अमृत विचार। जिले में डेंगू ने खतरनाक रूप ले लिया है। शुक्रवार को 9 डेंगू के मरीज निकले। जिसके बाद जिले में कुल डेंगू की संख्या 58 हो गई है। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिला मलेरिया अधिकारी डीआर सिंह ने बताया कि शुक्रवार को डोमेस्टिक ब्रीडर्स …
बरेली, अमृत विचार। जिले में डेंगू ने खतरनाक रूप ले लिया है। शुक्रवार को 9 डेंगू के मरीज निकले। जिसके बाद जिले में कुल डेंगू की संख्या 58 हो गई है। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिला मलेरिया अधिकारी डीआर सिंह ने बताया कि शुक्रवार को डोमेस्टिक ब्रीडर्स चेकर्स की टीम ने भमोरा व शीशगढ़ के गांवों का निरीक्षण किया। टीम को कुल 132 घरों में से 29 घरों में डेंगू का लार्वा मिला, जिसको टीम ने नष्ट कराया।
जिले में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर का प्रकोप कम हो गया है जिससे स्वास्थ्य कर्मियों ने राहत की सांस ली थी। अब स्वास्थ्य कर्मियों के सामने डेंगू एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आ गया है। निजी अस्पतालों में भी डेंगू के मरीज बड़ी संख्या में आ रहे हैं। इससे कई मरीजों के भर्ती होने से चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की सक्रियता बढ़ गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अधिक संख्या में डेंगू के ऐसे मरीज भी अब आ रहे हैं जिनकी हालत गंभीर है। कई मरीजों में प्लेटलेट्स गिरने और ब्लड प्रेशर काफी नीचे जा रहा है।
जिले में निकले दस मलेरिया के मरीज
जिले में 950 लोगों की जांच की गई, जिसमें दस लोगों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार जानलेवा फाल्सीपेरम के छह तो प्लाज्मोडियम वाईवैक्स के नौ मामलों में पुष्टि हुई है। जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में भी एक बच्चे को फाल्सीपेरम की शिकायत के चलते भर्ती किया गया है।
बता दें कि जिला अस्पताल की ओपीडी में वायरल बुखार के मरीजों की संख्या में कमी आई है, लेकिन डेंगू, मलेरिया के लगातार संदिग्ध मरीज मिल रहे हैं जिनकी जांच कराई जा रही है। शुक्रवार को जिला अस्पताल में 850 से अधिक मरीज पहुंचे, जिनमें से 150 मरीज बुखार से ग्रसित मिले हैं। जिनकी जांच के लिए पैथोलॉजी विभाग में खून के सैंपल दिए गए हैं।
