लखीमपुर खीरी: ईदगाह के युवक ने प्रोफेसर से मांगी थी रंगदारी, तीन गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। प्रोफेसर से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगे जाने के मामले का शनिवार को सदर पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल व सिम बरामद होने का दावा किया है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी ने …

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। प्रोफेसर से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगे जाने के मामले का शनिवार को सदर पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल व सिम बरामद होने का दावा किया है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी ने वेब सीरीज की भौकाल देखकर उसी तर्ज पर रंगदारी मांगी थी।

प्रभारी निरीक्षक सदर प्रभातेस कुमार ने बताया कि युवराज दत्त महाविद्यालय के सहायक प्रोफेसर शहर के मोहल्ला सुंदरपुरम निवासी आकाश वाष्र्णेय को दो दिन पहले एक युवक ने मोबाइल पर काॅल कर 10 लाख की रंगदारी मांगी थी। कॉलर ने खुद को पठान बदमाश मुजफ्फरनगर बताया था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जब सर्विलांस सेल की मदद से मामले की तहकीकात शुरू की तो असलियत सामने आ गयी।

पुलिस की जांच में रंगदारी मांगने वाला युवक शहर के मोहल्ला ईदगाह निवासी रंजीत जायसवाल निकला। पुलिस ने शनिवार को मुख्य आरोपी रंजीत, सिम विक्रेता मोहल्ला मोतीनगर निवासी पंकज शुक्ला और राजगढ़ निवासी सुधीर पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन व दो सिम बरामद किए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों का चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने तीनों को जेल भेज दिया है।

भौकाल देख बन गया पठान बदमाश
प्रभारी निरीक्षक सदर प्रभातेस कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उस पर करीब 50 हजार रुपये का कर्ज है। वह कर्ज चुकता नहीं कर पा रहा था। उसने वेबसीरीज भौकाल देखी। उसी से प्रेरित होकर उसने सहायक प्रोफेसर को फोनकर रंगदारी मांगी थी।

संबंधित समाचार