प्रियंका गांधी को हिरासत से छोड़े जाने की मांग को लेकर और तेज हुआ कांग्रेस का प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर। केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी की टिप्पणी व कृषि कानून वापस लेने की मांग को लेकर लखीमपुर में हुए बवाल की आंच सीतापुर भी पहुंची है। लखीमपुर जा रहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने के बाद सीतापुर में भी आंदोलन शुरू हो गया है। प्रियंका गांधी को द्वितीय वाहिनी पीएसी …

सीतापुर। केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी की टिप्पणी व कृषि कानून वापस लेने की मांग को लेकर लखीमपुर में हुए बवाल की आंच सीतापुर भी पहुंची है। लखीमपुर जा रहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने के बाद सीतापुर में भी आंदोलन शुरू हो गया है। प्रियंका गांधी को द्वितीय वाहिनी पीएसी में रखा गया है।

उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष लल्लू सिंह सहित कई और नेता भी हैं। बता दें कि प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने से खफा कांग्रेसी द्वितीय वाहिनी पीएसी गेट पर हंगामी धरना दे रहे हैं। प्रदेश व केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जा रही है। कई बार कांग्रसियों ने द्वितीय वाहिनी गेट के सामने सड़क भी जाम कर दी, लेकिन पुलिस ने उन्हें ऐसा नहीं करने दिया।

इसके अलावा प्रर्दशन कर रहे कांग्रेसियों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी भी धरने में शामिल हो गए हैं। साथ ही आप नेता संजय सिंह अभी भी बिसवां के सर्किट हाउस में रोककर रखे गए हैं। पुलिस उन्हें लखीमपुर जाने नहीं दे रही है। साथ ही भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद भी सीतापुर होकर लखीमपुर जाने के प्रयास में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया और खैराबाद थाने लाया गया। हालांकि भीम आर्मी प्रमुख को कुछ देर बाद वापस लखनऊ भेज दिया गया था।

इसके अलावा संयुक्त किसान मोर्चो से जुड़ी समाजसेवी ऋचा सिंह के नेतृत्व में करीब एक दर्जन लोग विकास भवन के सामने धरने पर बैठ गए हैं। यह लोग लखीमपुर में हुई हिंसा में शामिल आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के हिरासत होने और कई संगठनों की ओर से विरोध प्रदर्शन होने के कारण शहर में जाम की स्थित बनी रही। पुलिस हर चौराहे पर मुस्तैद कर दी गई है। साथ ही जिले की सभी सीमाओं पर भी पुलिस चौकसी बढ़ा दी गई है। साथ ही कांग्रेसियों के प्रदर्शन स्थल पर पुलिस फोर्स भी बढ़ा दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक कांग्रेस का प्रदर्शन जारी था।

प्रियंका गांधी का झाड़ू लगाते वीडियो वायरल

प्रियंका गांधी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह एक कमरे में खुद ही झाड़ू लगाती दिख रही हैं। दावा किया जा रहा है कि प्रियंका गांधी द्वितीय वाहिनी पीएसी के उसी गेस्ट हाउस के एक रूम में झाड़ू लगा रही हैं, जहां उन्हें हिरासत में रखा गया है।

सूत्रों का दावा है कि प्रियंका गांधी उन्हीं कपड़ों में झाड़ू लगाते दिख रही हैं। जिन कपड़ों को पहनकर वह लखीमपुर जा रही थीं। राजनैतिक गलियारों में इस वीडियों के कई मायने निकाले जा रहे हैं।

इसके अलावा प्रियंका गांधी को वापस भेजने की तैयारी में पुलिस प्रशासन

बता दें कि हिरासत में लेकर द्वितीय वाहिनी पीएसी के गेस्ट हाउस में रखीं गई कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को पुलिस प्रशासन वापस भेजने की तैयारी में जुटा है। प्रियंका गांधी को बिना किसी को भनक लगे पीएसी वाहिनी से निकाल कर वापस लखनऊ की ओर भेजने की कोशिशें हो रही हैं। पीएसी वाहिनी के अंदर हलचल चल रही है। अफसर इस बात पर कुछ बोलने को तैयार नहीं है। पीएसी वाहिनी गेट नंबर दो व तीन से निकालने की खबरें आ रही हैं। पीएसी वाहिनी का मुख्य गेट नंबर एक पर कांग्रेसियों का धरना चल रहा है। इसके लिए प्रियंका गांधी को गेट नंबर दो या तीन से निकाला जा सकता है।

सपा के तीन पूर्व विधायक हिरासत में

लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर सपा नेता विरोध प्रदर्शन करते हुए भारी संख्या में लालबाग पहुंचे। जहां पहले से मौजूद पुलिस फोर्स ने उन्हें रोक दिया। इस बीच पुलिस व सपाईयों के बीच तीखी नोकझोक भी हुई। जिसके बाद पुलिस ने सपा के पूर्व विधायक अनूप गुप्ता, पूर्व विधायक राधेश्याम जायसवाल व पूर्व विधायक अनिल वर्मा को हिरासत में ले लिया है। उन्हें पुलिस लाइन ले जाया गया है। इससे नाराज सपाई फिर सड़क पर आकर प्रदर्शन करने लगे हैं।

संबंधित समाचार