लखनऊ पहुंची लखीमपुर की आंच, सरकार के छूटे पसीने
लखनऊ। लखीमपुर खीरी में कार से कुचलकर किसानों की मौत की आग लखनऊ में भी देखी जा रही है। रविवार से ही शहर में जगह-जगह प्रदर्शन किया जा रहा है। साथ ही एक जगह पुलिस कार भी फूंकी गई है। मामले में विपक्ष के सारे बड़े नेता लखीमपुर जाने का प्रयास कर रहे हैं, जिन्हें …
लखनऊ। लखीमपुर खीरी में कार से कुचलकर किसानों की मौत की आग लखनऊ में भी देखी जा रही है। रविवार से ही शहर में जगह-जगह प्रदर्शन किया जा रहा है। साथ ही एक जगह पुलिस कार भी फूंकी गई है।
मामले में विपक्ष के सारे बड़े नेता लखीमपुर जाने का प्रयास कर रहे हैं, जिन्हें रोकने में पुलिस के पसीने छूट रहे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री हाईलेबल मीटिंग कर रहे हैं। जिसमें कोई बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
अखिलेश-रामगोपाल की गिरफ्तारी में सूखा पुलिस का गला
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लखीमपुर खीरी जाने का ऐलान कर दिया था। ऐसे में उनके विक्रमादित्य स्थित आवास पर रात से ही कार्यकर्ता जुटने लगे थे। रात में ही पुलिस ने उन्हें नजरबंद तो कर लिया था, लेकिन सुबह जब अखिलेश निकलने लगे तो सैकड़ों कार्यकर्ताओं का हुजूम उनके साथ था।
ऐसे में घंटों पुलिस-प्रशासन के अधिकारी उन्हें समझाते बुझाते रहे, लेकिन अखिलेश नहीं माने, जब उन्हें हिरासत में लिया गया तो कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। तब वे पुलिस वैन से नीचे उतरे और कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गए। इस दौरान वहां भारी संख्या में पुलिस बल और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। आखिरकार अखिलेश यादव और सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो रामगोपाल यादव समेत अनेक प्रमुख सपा नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया। तब जाकर कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने में सफलता मिली है।
लखनऊ पुलिस को झांसा देकर सीतापुर पहुंची प्रियंका, पुलिस से तीखी तकरार
इस घटना को लेकर कांग्रेस नेताओं ने भी पूरी ताकत लगा दी है। हरियाणा से पार्टी के सांसद दीपेंद्र हुड्डा और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी रात में ही घटनास्थल जाने की तैयारी में जुट गए थे। ऐसे में प्रियंका गांधी के आवास के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई थी, लेकिन सुबह वे पैदल ही निकलीं और अपनी कार में बैठकर लखीमपुर के लिए निकल गईं।
इस दौरान उन्हें रोकने की कोशिश नाकाम हो गई। हालांकि उनके साथ जा रहे काफिले को पुलिस ने रास्ते में ट्रक खड़ा करके रोक दिया। हालांकि सीतापुर के सिधौली में टोल प्लाजा पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान उनकी पुलिस अधिकारियों से तीखी नोकझोंक हुई। प्रियंका ने सीओ से पूछा कि आपने हमें कैसे रोका? आपके पास कौन से आदेश हैं? यहां भारी पुलिस बल तैनात था, जिसकी कांग्रेसियों से नोकझोंक हुई। पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें भगाया, पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कई गाड़ियों को भी तोड़ दिया। इसके बाद प्रियंका को द्वितीय वाहिनी पीएसी ले जाया गया। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष लल्लू सिंह सहित कई और नेता भी हैं।
प्रियंका को हिरासत में लेने पर कांग्रेसियों का धरना
प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने से खफा कांग्रेसी द्वितीय वाहिनी पीएसी गेट पर हंगामी धरना दे रहे हैं। प्रदेश व केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जा रही है। कई बार कांग्रसियों ने द्वितीय वाहिनी गेट के सामने सड़क भी जाम कर दी, लेकिन पुलिस ने उन्हें ऐसा नहीं करने दिया। प्रर्दशन कर रहे कांग्रेसियों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी भी धरने में शामिल हो गए हैं।
इसके अलावा संयुक्त किसान मोर्चों से जुड़ी समाजसेवी ऋचा सिंह के नेतृत्व में करीब एक दर्जन लोग विकास भवन के सामने धरने पर बैठ गए हैं। यह लोग लखीमपुर में हुई हिंसा में शामिल आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के हिरासत होने और कई संगठनों की ओर से विरोध प्रदर्शन होने के कारण शहर में जाम की स्थित बनी रही। पुलिस हर चौराहे पर मुस्तैद कर दी गई है। साथ ही जिले की सभी सीमाओं पर भी पुलिस चौकसी बढ़ा दी गई है। साथ ही कांग्रेसियों के प्रदर्शन स्थल पर पुलिस फोर्स भी बढ़ा दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक कांग्रेस का प्रदर्शन जारी था।
प्रियंका गांधी का झाड़ू लगाते वीडियो वायरल
प्रियंका गांधी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह एक कमरे में खुद ही झाड़ू लगाती दिख रही हैं। दावा किया जा रहा है कि प्रियंका गांधी द्वितीय वाहिनी पीएसी के उसी गेस्ट हाउस के एक रूम में झाड़ू लगा रही हैं, जहां उन्हें हिरासत में रखा गया है।
सूत्रों का दावा है कि प्रियंका गांधी उन्हीं कपड़ों में झाड़ू लगाते दिख रही हैं। जिन कपड़ों को पहन कर वह लखीमपुर जा रही थीं। राजनैतिक गलियारों में इस वीडियों के कई मायने निकाले जा रहे हैं।
प्रियंका गांधी को वापस भेजने की तैयारी में पुलिस प्रशासन
हिरासत में लेकर द्वितीय वाहिनी पीएसी के गेस्ट हाउस में रखीं गई कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को पुलिस प्रशासन वापस भेजने की तैयारी में जुटा है। इसके अलावा प्रियंका गांधी को बिना किसी को भनक लगे पीएसी वाहिनी से निकाल कर वापस लखनऊ की ओर भेजने की कोशिशें हो रही हैं। पीएसी वाहिनी के अंदर हलचल चल रही है। पीएसी वाहिनी का मुख्य गेट नंबर एक पर कांग्रेसियों का धरना चल रहा है। इसके लिए प्रियंका गांधी को गेट नंबर दो या तीन से निकाला जा सकता है।
सपा के तीन पूर्व विधायक हिरासत में
लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर सपा नेता विरोध प्रदर्शन करते हुए भारी संख्या में लालबाग पहुंचे। जहां पहले से मौजूद पुलिस फोर्स ने उन्हें रोक दिया। इस बीच पुलिस व सपाईयों ने तीखी नोकझोक भी हुई। जिसके बाद पुलिस ने सपा के पूर्व विधायक अनूप गुप्ता, पूर्व विधायक राधेश्याम जायसवाल व पूर्व विधायक अनिल वर्मा को हिरासत में ले लिया है। उन्हें पुलिस लाइन ले जाया गया है। इससे नाराज सपाई फिर सड़क पर आकर प्रदर्शन करने लगे हैं।
एयरपोर्ट पर ही रोके गए छत्तीसगढ़ के सीएम व पंजाब के डिप्टी सीएम
पुलिस ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश प्रेक्षक भूपेश बघेल को लखनऊ एयरपोर्ट पर ही रोक लिया। पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह रंधावा भी लखीमपुर जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे, लेकिन उन्हें भी यहां से आगे नहीं जाने दिया गया।
बसपा के सतीशचंद्र मिश्रा भी हाउस अरेस्ट
बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा के लखीमपुर जाने की संभावना के चलते पुलिस ने रात से ही उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया था। हालांकि, सतीश मिश्रा ने जबरन जाने का प्रयास भी नहीं किया और न ही उसके आवास के इर्द गिर्द कार्यकर्ताओं का जमावड़ा ही नजर आया।
संजय सिंह को भी नहीं रोक पाई लखनऊ पुलिस
आम आदमी पार्टी के सांसद व प्रदेश प्रभारी संजय सिंह को भी लखनऊ पुलिस नहीं रोक पाई। वे भी लखीमपुर के लिए रवाना हो गए। हालांकि सीतापुर टोल प्लाजा पर उन्हें भी हिरासत में ले लिया गया। जहां से उन्हें बिसवां के सर्किट हाउस ले जाया गया। पुलिस उन्हें लखीमपुर जाने नहीं दे रही है। भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद भी सीतापुर होकर लखीमपुर जाने के प्रयास में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया और खैराबाद थाने लाया गया। हालांकि भीम आर्मी प्रमुख को कुछ देर बाद वापस लखनऊ भेज दिया गया था।
शिवपाल यादव गिरफ्तार कर भेजे गए पुलिस लाइन
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्टीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव सुबह 9:30 पर अपने आवास से पुलिस को चकमा देकर निकले अपने काफिले के साथ, लेकिन लखनऊ सीमा के अंदर ही कर लिए गए गिरफ्तार। शिवपाल ने गृह राज्यमंत्री को बर्खास्त करने की भी मांग उठाई।
वरुण गांधी फिर किसानों के समर्थन में उतरे
पीलीभीत से भाजपा सांसद वरुण गांधी ने एक बार फिर किसानों के आंदोलन को सही ठहराते हुए लखीमपुर में हुई घटना की तीखी निंदा की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को एक पत्र भेजकर अन्नदाताओं की हत्या को किसी भी सभ्य समाज के लिए अक्षम्य बताया और कहा कि आंदोलनकारी किसान देश के नागरिक हैं और उन्हें लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है।
लखीमपुर खीरी की हृदय-विदारक घटना में शहीद हुए किसानों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। इस प्रकरण में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री जी से सख्त कार्यवाही करने का निवेदन करता हूँ। pic.twitter.com/e2tE1x4z3T
— Varun Gandhi (@varungandhi80) October 4, 2021
उनके साथ गांधीवादी और लोकतांत्रिक तरीक से बात करनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर प्रभावित परिवारों को एक-एक करोड़ की मदद देनी चाहिए। यह पत्र उन्होंने ट्वीट करते हुए मृत किसानों को श्रद्धांजलि भी दी।
गौतमपल्ली थाने के पास फूंकी गई गाड़ी
शहर में सपा कार्यकर्ता जगह-जगह प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान गौतमपल्ली थाने के पास पुलिस कार को लोगों ने फूंक दिया। पुलिस कमिश्नर लखनऊ डीके ठाकुर ने कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरीके से मजबूत है, शरारती तत्वों ने पुलिस की जीप में आग लगाई है। सीसीटीवी के माध्यम से लोगों की पहचान कराई जा रही है। जिन लोगो ने पुलिस की जीप फूंकी है उन पर सख्त कार्रवाई होगी।
