लखनऊ: घर में चोरी के इरादे से घुसे चोर की पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। सहादतगंज थाना क्षेत्र के रानी कटरा मोहल्ले में रविवार की सुबह एक सर्राफ के घर में चोरी के इरादे से घुसे 35 साल के युवक की घर के मालिक और अन्य लोगों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उप निरीक्षक की …

लखनऊ। सहादतगंज थाना क्षेत्र के रानी कटरा मोहल्ले में रविवार की सुबह एक सर्राफ के घर में चोरी के इरादे से घुसे 35 साल के युवक की घर के मालिक और अन्य लोगों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उप निरीक्षक की तहरीर पर दर्ज हत्या के मुकदमे में आरोपी बनाए गए 3 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया।

ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के मरी माता मंदिर के पास ज्वेलरी शॉप चलाने वाले कल्लू साहू अपने परिवार के साथ सआदतगंज थाना क्षेत्र के नाई टोला रानी कटरा चौपटिया के पास में रहते हैं। रविवार की सुबह तड़के उनके घर में चोरी के इरादे से एक व्यक्ति दाखिल हुआ। आहट सुनकर जागे कल्लू साहू ने उस व्यक्ति को पकड़ लिया। कल्लू साहू ने बिना पुलिस को सूचना दिए ही चोर की जमकर लाठी डंडों पीट-पीट कर लहूलुहान कर दिया।

पुलिस कंट्रोल रूम पर किसी ने सूचना दी तो सआदतगंज पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में मिले व्यक्ति को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर सहादतगंज ने बताया कि रात्रि अधिकारी उप निरीक्षक साजिद बेग की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर चोर की पीट-पीट कर हत्या करने के मामले में कल्लू साहू, अनूप और छोटू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मृतक की शिनाख्त अशोक के रूप में हुई। अशोक झारखंड का रहने वाला बताया जा रहा है। एसीपी बाजार खाला विजय राज सिंह ने बताया कि मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से हुई उसकी पहचान हुई है। मृतक अशोक के बारे में और ज्यादा जानकारी फिलहाल अभी नहीं हो सकी है। परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है।

संबंधित समाचार