लखीमपुर खीरी में भड़की आग पहुंची अयोध्या, जानें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। लखीमपुर खीरी में भड़की आग की आंच सोमवार को रामनगरी भी पहुंच गई है। सुबह से ही सड़कों पर उतरे विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने शाम तक जगह-जगह प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री को बर्खास्त करने व उनके आरोपी पुत्र को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी …

अयोध्या। लखीमपुर खीरी में भड़की आग की आंच सोमवार को रामनगरी भी पहुंच गई है। सुबह से ही सड़कों पर उतरे विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने शाम तक जगह-जगह प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री को बर्खास्त करने व उनके आरोपी पुत्र को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।

इस दौरान कई जगहों पर पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की भी स्थिति बनी। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया। जिसमें पूर्व सांसद निर्मल खत्री समेत कई लोग शामिल हैं। समाजवादी पार्टी महानगर कमेटी ने केंद्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी का पुतला रीडगंज चौराहे पर फूंका। इसके बाद प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन मजिस्ट्रेट को सौंपा। पार्टी के महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव व महासचिव हामिद जाफर ने कहा कि किसानों के ऊपर गाड़ी चढ़ाकर हत्या करना भाजपा की नाकामियों को उजागर करता है। उन्होंने मृतक किसान के परिवार को दो करोड़ का मुआवजा एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।

सपा छात्र सभा ने भी आरोपियों को गिरफ्तारी की मांग की। थाना कैंट के प्रेस क्लब के पास धरना देकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस के साथ सपाइयों की धक्का-मुक्की भी हुई। वहीं आम आदमी पार्टी ने भी प्रदर्शन करते हुए मामले में सीबीआई जांच की मांग की। आप के महानगर अध्यक्ष अनिल कुमार प्रजापति ने कहा कि 10 महीने से देश का अन्नदाता किसान धरने पर बैठा हुआ है। किसानों की हत्या कर दी जा रही है। सरकार को तीनों कृषि कानून वापस लेना चाहिए। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता सूर्य कांत पाण्डेय ने केंद्रीय मंत्री के पुत्र की ओर से आधा दर्जन किसानों की हत्या को घनघोर अपराध बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इंसान विरोधी करनामों के लिए इतिहास में दर्ज की जाएगी।

संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से तहसील सदर के सामने तिकोनिया पार्क में मोर्चा के संयोजक मयाराम वर्मा की अध्यक्षता और अखिलेश चतुवेर्दी के संचालन में धरना आयोजित कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन मजिस्ट्रेट को सौंपा गया। यहां ज्ञापन के माध्यम से किसानों के हत्यारों को हत्या का मुकदमा दर्ज करके तत्काल जेल भेजे जाने, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को तत्काल बर्खास्त करते हुए प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू किए जाने, मृतक किसानों के परिवार को एक एक करोड़ रुपए मुआवजा देने और परिवार के दो लोगों को सरकारी नौकरी देने एवं घायलों को 10 लाख रुपये दिए जाने, सरकार की ओर से विपक्षी दलों और जनसंगठनों के ऊपर अनावश्यक उत्पीड़न पर रोक लगाते हुए लोकतंत्र की बहाली करने और बढ़ती हुई मंहगाई पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की मांग की गई।

निर्मल खत्री सहित 50 लोगों की गई गिरफ्तारी

प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के बाद सड़क पर उतरे कांग्रेस नेताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री को गिरफ्तार कर लिया। निर्मल खत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रियंका गांधी को गिरफ्तार किया है। उसके विरोध में हम भी गिरफ्तारी दे रहे हैं। कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ है।

लखीमपुर खीरी में जो नर संहार हुआ है उसकी हम निंदा करते हैं। दोषी व्यक्तियों के खिलाफ हो कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान शहर के कमला नेहरू स्थित भवन के सामने 50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी। वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को कस्टडी में लेने के बाद सपाइयों में भी उबाल आ गया और वे तारून ब्लॉक पर धरने पर बैठ गए हैं। यह धरना पूर्व विधायक अभय सिंह के नेतृत्व में चल रहा है।

संबंधित समाचार