महंत नृत्य गोपाल दास की हालत स्थिर, ICU में वरिष्ठ डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज
लखनऊ। राजधानी के एक निजी अस्पताल में रविवार से भर्ती श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की हालत स्थिर बताई जा रही है। लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल के निदेशक डॉ राकेश कपूर ने बताया कि सोमवार को उनकी स्थिति में सुधार देखा गया है। साथ ही कहा कि उन्हें अभी भी …
लखनऊ। राजधानी के एक निजी अस्पताल में रविवार से भर्ती श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की हालत स्थिर बताई जा रही है। लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल के निदेशक डॉ राकेश कपूर ने बताया कि सोमवार को उनकी स्थिति में सुधार देखा गया है।
साथ ही कहा कि उन्हें अभी भी गहन चिकित्सा कक्ष में क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों और यूरोलोजी विशेषज्ञों की टीम की निगरानी में रखा गया है।
बता दें कि महंत का ऑक्सीजन लेवल कम होने और सांस फूलने की शिकायत के बाद रविवार को अयोध्या से लखनऊ के मेदांता अस्पताल में ले जाया गया था। गोपाल दास के सहयोगी कमल नयन दास ने रविवार को बताया था कि सुबह महंत की तबीयत बिगड़ने पर अयोध्या जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी थी।
इसके बाद उन्हें लखनऊ में भेजा गया। मठ मनीराम छावनी के निवासी नयन दास ने बताया था कि ऑक्सीजन लेवल कम होने के अलावा, गोपाल दास सर्दी-खांसी से पीड़ित हैं। उन्होंने कहा कि यहां के डॉक्टरों ने महंत गोपाल दास को कुछ समय के लिए अपनी निगरानी में रखा है, लेकिन बाद में उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल भेज दिया गया है। महंत नृत्य गोपाल दास पिछले साल कोरोना संक्रमण से संक्रमित हो गए थे। जिसके बाद उन्हें गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। संक्रमण के बाद उनका लंबे समय तक इलाज चला था।
