मुरादाबाद : मोटर साइकिल रैली निकाल कर्मचारी शिक्षक, पेंशनरों ने भरी हुंकार
मुरादाबाद, अमृत विचार। पुरानी पेंशन बहाली सहित अन्य मांगों को लेकर मंगलवार को कर्मचारी शिक्षक अधिकारी पेंशनर्स अधिकार मंच के बैनर तले जिले के स्कूलों के शिक्षक, कर्मचारियों ने मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित आंबेडकर पार्क से मोटर साइकिल रैली निकालकर हुंकार भरी। रैली सिंचाई विभाग, संभागीय खाद्य नियंत्रक कार्यालय होते हुए रामगंगा कालोनी, विकास …
मुरादाबाद, अमृत विचार। पुरानी पेंशन बहाली सहित अन्य मांगों को लेकर मंगलवार को कर्मचारी शिक्षक अधिकारी पेंशनर्स अधिकार मंच के बैनर तले जिले के स्कूलों के शिक्षक, कर्मचारियों ने मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित आंबेडकर पार्क से मोटर साइकिल रैली निकालकर हुंकार भरी।
रैली सिंचाई विभाग, संभागीय खाद्य नियंत्रक कार्यालय होते हुए रामगंगा कालोनी, विकास भवन, तहसील रोड से होकर कलेक्ट्रेट पहुंची। मंच के नेताओं ने सरकार को चेताया कि शिक्षकों, कर्मचारियों व पेंशनरों की अनदेखी भारी पड़ेगी। मंच के जिलाध्यक्ष सर्वेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में शिक्षकों, कर्मचारियों, अधिकारियों, पेंशनरों ने अपने हक की आवाज बुलंद करते हुए सरकार से हठधर्मिता छोड़कर मांग पूरी करने को कहा।
कहा पूर्व में हुई वार्ता के दौरान हुए समझौते का पालन करने की बजाय सरकार डराने धमकाने का काम कर रही है। जिससे हम डरने वाले नहीं हैं। प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर चरणबद्ध आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे। जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचने पर सभा की गई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि 28 अक्टूबर को सभी जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा। यदि फिर भी सरकार ने मंच को अनसुना किया तो नवंबर में लखनऊ के ईको पार्क भी विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा। अंत में मांगों का ज्ञापन अपर जिलाधिकारी नगर को सौंपा गया।
मोटर साईकिल रैली में मंच के संयोजक श्रीकांत यादव, महासचिव गोपीकृष्ण, संरक्षक राकेश चंद्र, ह्दय राम यादव, जेपी मौर्य, सैय्यद आसिफ हसन, इंजीनियर आरके राय, अविनाश, राकेश, संजय कुमार सत्संगी, मंजूला सक्सेना, निगार फातिमा, नीलम सागर, शिवानी, हेमलता भारती, कंचन, फरजाना, शैला, मोहम्मद कासिम, सोमपाल, शिल्पी, विष्णुदत्त सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी, अधिकारी, पेंशनर्स आदि शामिल रहे।
