सीतापुर: लखीमपुर हिंसा को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सीएम पर बोला हमला, पूछा ये सवाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर। प्रियंका गांधी के साथ सीतापुर द्वितीय वाहिनी पीएसी में कस्टडी में रखे गए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार सिंह लल्लू ने बड़ी बात कही है। अमृत विचार से फोन पर हुई वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से ही सवाल कर डाला। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बोले कि हम मुख्यमंत्रीजी …

सीतापुर। प्रियंका गांधी के साथ सीतापुर द्वितीय वाहिनी पीएसी में कस्टडी में रखे गए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार सिंह लल्लू ने बड़ी बात कही है। अमृत विचार से फोन पर हुई वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से ही सवाल कर डाला। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बोले कि हम मुख्यमंत्रीजी से यहीं जानना चाहते हैं कि केंद्रीयमंत्री अजय मिश्र टेनी के घर कब बुलडोजर चलेगा और उत्तर प्रदेश में उनका फोटो कब चस्पा कराएंगे?

उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि उनके यानी केंद्रीय मंत्री के बेटे की गिरफ्तारी कब होगी और कब उनके बेटे की फोटो चस्पा की जाएगी। यह जनता जानना चाहती है। मुख्यमंत्रीजी बता दें। मुकदमा दर्ज होने और जमानत को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि काहे के लिए जमानत? अपराध क्या है। हमने तो कोई ऐसा अपराध किया नहीं है। हम तो पीड़ित के घर जा रहे थे। संवेदना व्यक्त करने। जमानत नहीं कराएंगे।

बोले जेल अस्थाई घर है और राजनीति में मुकदमें इनाम हैं। संघर्षो से जो घबराता है, वह राजनीति नहीं कर सकता न? यह जानता की समस्या है। किसानों की मौत का मामला है। हम एक राजनैतिक पार्टी हैं। हमारा धर्म है लोगों के दुख में खड़ा होना। उनकी संवेदना व्यक्त करना। उनकी आवाज को मजबूती से उठाना। अभी देख सकते हैं कि हजारों की संख्या में लोग सड़क पर आ गए हैं सीतापुर में। चारों तरफ से किलाबंदी, घेराबंदी, गिरफ्तारी और लोगों को घेरने के बाद भी, लोगों की यहां पर बड़ी संख्या यह साबित करती है कि उत्तर प्रदेश की जनता कांग्रेस के साथ खड़ी है।

किसानों के साथ खड़ी है और हर हाल में यह तय है कि जब तक हम पीड़ित परिवार से मिलेंगे नहीं, तब तक जाएंगे नहीं। प्रियंका गांधी की लीगल टीम को लौटाए जाने के सवाल पर कहा कि हमारी लीगल टीम को वापस कर दिया गया है। सरकार ने वापस कर दिया है। उनको अंदर आने नहीं दिया गया।

कांग्रेसियों ने निकाला कैंडिल मार्च, पुलिस से नोकझोक

लखीमपुर खीरी में हुए बवाल के दौरान मारे गए किसानों की याद में मंगलवार की शाम पीएसी गेट पर धरनारत कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बड़ी तादात में कैंडिल मार्च निकाल कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कांग्रेसियों व पुलिस के बीच नोकझोक भी हुई। पुलिस ने कैंडिल मार्च शहर में नहीं निकालने दिया। मंगलवार शाम धरने पर बैठे सैकड़ों कार्यकर्ता लखीमपुर की घटना में मारे गए किसानों की याद में कैंडिल मार्च निकालने की तैयारी में थे।

कार्यकर्ताओं ने कैंडिल मार्च निकालना शुरू किया। यह लोग शहर के मुख्य मार्गो पर कैडिल जुलूस निकालना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने आगे बढ़ने नहीं दिया। जिसके चलते नोकझोक भी हुई। पुलिस के रोकने के बाद यह लोग द्वितीय वाहिनी पीएसी गेट से सेक्रेट हार्ट इंटर कालेज के करीब तक गए। उसके आगे पुलिस ने जाने नहीं दिया। इन लोगों को वापस करि दिया गया तो कांग्रेसी वापस धरना स्थल पर आ गए और यहां कैंडिल लगा कर मृत किसानों को श्रद्धांजलि दी।

प्रशासन ने प्रियंका गांधी की लीगल टीम को लौटाया

प्रियंका गांधी और उनके करीबियों पर मुकदमा दर्ज होने के मामले की बाबत आई लीगल टीम को लौटा दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक प्रियंका गांधी की अधिवक्ताओं की टीम मंगलवार को सीतापुर पहुंची थी। यह टीम प्रियंका गांधी से मुलाकात करना चाहती थी, लेकिन प्रशासनिक जिम्मेदारों ने टीम को प्रियंका गांधी से मिलने नहीं दिया। सूत्र बताते हैं कि यह टीम मुकदमें के बाबत प्रियंका गांधी से मिलकर निष्कर्ष व कानूनी प्रक्रिया पूरी करना चाहती थी।

सोनिया गांधी के प्रतिनिध भी पहुंचे

द्वितीय वाहिनी पीएसी गेट पर चल रहे कांग्रेस के धरना प्रदर्शन व प्रियंका की गिरफ्तारी होने के मामले को लेकर मंगलवार की शाम सोनिया गांधी ने भी अपना प्रतिनिधि भेज दिया है। सूत्रों के मुताबिक रायबरेली के रहने वाले किशोरी लाल शर्मा मंगलवार को धरना स्थल पहुंचे। वह सोनिया गांधी के प्रतिनिध हैं। कहा जा रहा है कि सोनिया गांधी ने उन्हें यहां भेजा है। इनके अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया भी सीतापुर पहुंच गए हैं। उन्होंने धरना प्रदर्शन में भी हिस्सा लिया है।
 
पीड़ित के परिजन से प्रियंका ने फोन से की बात

लखीमपुर में हुए बवाल के दौरान मृत हुए एक किसान के परिजनों से मंगलवार को प्रियंका गांधी ने फोन के जरिए बात की है और उन्होंने परिवार को सांत्वना देकर हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया है। सूत्र बताते हैं कि प्रियंका गांधी ने लखीमपुर में हुए बवाल में लखीमपुर के मोहर्निया के किसान गुरविंदर सिंह के पिता सतविंदर सिंह से बात की है। कांग्रेस नेता इंजीनियर जय प्रकाश मिश्र के जरिए कांग्रेस महासचिव ने पीड़ित परिवार से फोन पर बात की और स्थित का जायला लिया। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी परिवार व सभी किसानों के साथ है।

प्रियंका ने बनाई वीडियो कॉल से लाइव संबोधन की तैयारी

कांग्रेस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पीएसी गेस्ट हाउस में मौजूद प्रियंका गांधी गेट के बाहर धरने पर बैठे कार्यताओं के सामने लाइव आ सकती हैं। पीएसी गेट पर बैठे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हौंसलाफजाई के लिए प्रियंका गांधी लाइव संबोधन की योजना बना रही हैं। वह लाइव संबोधन के जरिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हौंसला बढ़ाने के साथ ही आगे की रणनीति पर भी चर्चा कर सकती हैं।

संबंधित समाचार