पीलीभीत: तीसरे दिन भी इंटरनेट के चलते बाधित रहा कोविड टीकाकरण अभियान
पीलीभीत, अमृत विचार। इंटरनेट सेवा के चलते तीसरे दिन भी कोबिन पोर्टल पर काम शुरू नहीं हो सका। टीकाकरण बूथ पर सिर्फ ऑफलाइन रजिस्टर में नाम पता नोट कर पहली डोज लगाई गई। जबकि दूसरी डोज लगवाने वाले लोगों को टीकाकरण बूथ से वापस लौटना पड़ा। पिछले तीन दिनों से टीकाकरण अभियान जिले में पूरी …
पीलीभीत, अमृत विचार। इंटरनेट सेवा के चलते तीसरे दिन भी कोबिन पोर्टल पर काम शुरू नहीं हो सका। टीकाकरण बूथ पर सिर्फ ऑफलाइन रजिस्टर में नाम पता नोट कर पहली डोज लगाई गई। जबकि दूसरी डोज लगवाने वाले लोगों को टीकाकरण बूथ से वापस लौटना पड़ा। पिछले तीन दिनों से टीकाकरण अभियान जिले में पूरी तरह बाधित है। ऐसे में शत प्रतिशत टीकाकरण की मंशा पूरी होती नहीं दिख रही है।
बुधवार को सीएचसी बरखेड़ा, बीसलपुर, पूरनपुर, न्यूरिया में एक-एक और बिलसंडा सीएचसी पर दो बूथ बनाए गए जबकि शहर में इंटरनेट सेवा बाधित होने पर कोई टीकाकरण बूथ नहीं चल सका। सीएचसी स्तर पर भी ऑफलाइन के माध्यम से टीका लगवाने आए लोगों का नाम पता नोट कर उनको वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई। जबकि दूसरी डोज का टीका लगवाने आए लोगों को मायूस लौटना पड़ा। पूरनपुर सीएचसी पर ब्रॉडबैंड चलने पर कुछ देर के लिए ऑनलाइन टीकाकरण हो सका।
हालांकि दोपहर बाद वहां भी टीकाकरण ठप हो गया। नेट सेवा चालू न होने के कारण पोर्टल पर टीकाकरण का डाटा भी अपलोड नहीं हो सका। पिछले तीन दिनों में 45 हजार टीकाकरण का लक्ष्य पूरा नहीं हो सका।
एसीएमओ डॉ. आर बी सिंह ने बताया कि इंटरनेट सेवा ठप होने के कारण टीकाकरण बाधित हो रहा है। इसलिए सिर्फ जिन स्थानों पर नेट की सुविधा है वहां टीकाकरण कराया जा रहा है। कई स्थानों पर रजिस्टर में नाम पता नोट कर डोज लगाई जा रही है। दूसरी डोज का टीका इंटरनेट सेवा सुचारू होने पर लग सकेगा। पोर्टल पर भी डाटा अपलोड नहीं हो सका।
