बरेली: प्रेमी ने दिया सहारा तो घर में घुसकर की लूटपाट
बरेली, अमृत विचार। प्रेमी से शादी न करा कर परिवार ने दूसरी जगह युवती की शादी कर दी। जहां ससुराल वाले उसे कुछ दिन बाद से परेशान करने लगे। जान से मारने की धमकी दी जाती थी। इस बात से परेशान होकर महिला बच्चे को लेकर वहां से भाग गई, और प्रेमी के घर पर …
बरेली, अमृत विचार। प्रेमी से शादी न करा कर परिवार ने दूसरी जगह युवती की शादी कर दी। जहां ससुराल वाले उसे कुछ दिन बाद से परेशान करने लगे। जान से मारने की धमकी दी जाती थी। इस बात से परेशान होकर महिला बच्चे को लेकर वहां से भाग गई, और प्रेमी के घर पर रहने लगी। जानकारी होने पर आरोपियों ने प्रेमी के घर पर हमला बोल दिया और मारपीट कर वहां से नगदी और जेवर लूट ले गए।
बदायूं के थाना दातागंज के गांव सादुल्लागंज निवासी रूबी इस समय कैंट के चनेहटा में रहती है। उन्होंने बताया कि वह गांव के ही सुरेश कुमार से प्यार करती थी, और उससे शादी करना चाहती थी। इसकी जानकारी होने पर उसके पिता ने उसकी शादी जबरन मीरगंज के युवक से कर दी। आरोप है कि उसके ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करते थे। वह उससे कहते थे कि वह उसे खरीद के लाए हैं उसे नौकरानी बनकर रहना होगा।
मारपीट कर उसे भूखा रखा जाने लगा। उसे जान से मारने के प्रयास होने लगे। कुछ समय पहले ससुरालियों ने उसका जेवर छीन लिया उसे डर था कि ससुरालवाले उसके बच्चे की हत्या करवा देते। इस डर से वह खुद ही कुछ समय पहले ससुराल छोड़कर प्रेमी के घर आ गई और वहां रहने लगी। इसकी जानकारी होने पर आरोपी उसके घर में घुस गए उनके रुपए, जेवर लूट लिए। साथ ही जानवर भी अपने साथ लेकर चले गए। रूबी को डर है कि आरोपी उसकी हत्या करवा सकते हैं।
उसका कहना है जो उसकी मदद कर रहा है पुलिस जबरन उसे परेशान कर रही है। जबकि वह बालिग है और अपना अच्छा बुरा सही से समझती है। पीड़िता ने इस मामले की शिकायत एडीजी से की है। एडीजी ने दातागंज इंस्पेक्टर को मामले की जांच के आदेश दिए है।
