बरेली कॉलेज के आठ पाठ्यक्रमों में न के बराबर आवेदन
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में परास्नातक में प्रवेश के लिए कई पाठ्यक्रम ऐसे हैं, जिनमें सीटों से 10 गुना अधिक तक आवेदन आए हैं तो कई पाठ्यक्रम ऐसे हैं, जिनमें सीटों की अपेक्षा न के बराबर ही आवेदन आए हैं। 80 सीटों में किसी में दो तो किसी में पांच आवेदन आए हैं। इन …
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में परास्नातक में प्रवेश के लिए कई पाठ्यक्रम ऐसे हैं, जिनमें सीटों से 10 गुना अधिक तक आवेदन आए हैं तो कई पाठ्यक्रम ऐसे हैं, जिनमें सीटों की अपेक्षा न के बराबर ही आवेदन आए हैं। 80 सीटों में किसी में दो तो किसी में पांच आवेदन आए हैं। इन पाठ्यक्रमों का हाल हर वर्ष ऐसा ही रह रहा है। यही वजह है कि एमए व एमएससी के आठ पाठ्यक्रमों में कॉलेज शनिवार से सीधे प्रवेश लेगा। कॉलेज कुछ पाठ्यक्रमों की मेरिट शुक्रवार को जारी करेगा और अन्य पाठ्यक्रमों की मेरिट 10 अक्टूबर को जारी की जाएगी।
बरेली कॉलेज में एमए गणित की 80 सीटें हैं, जिसमें सिर्फ 10 आवेदन आए हैं। इसी तरह से एमए दर्शनशास्त्र में 80 सीटों में सिर्फ 7, संस्कृत की 80 सीटों में 23, उर्दू की 80 सीटों में 55, एमए सांख्यिकी की 20 सीटों में 2, एमए सैन्य अध्ययन की 20 सीटों में 15 आवेदन आए हैं। इसी तरह से एमएससी सैन्य अध्ययन की 40 सीटों के लिए 5 और एमएससी सांख्यिकी की 25 सीटों के लिए 9 आवेदन आए हैं। प्रवेश समन्वयक डा. वीपी सिंह ने बताया कि इन पाठ्यक्रमों में कम आवेदन आने की वजह से मेरिट जारी नहीं की जाएगी। आवेदन करने वाले सभी छात्र शनिवार को महाविद्यालय में संबंधित विभाग में जाकर प्रवेश ले सकते हैं।
अब तक आए 4307 पंजीकरण
महाविद्यालयों में परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की रफ्तार अभी सुस्त है। गुरुवार शाम तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर 4355 पंजीकरण प्रवेश के लिए हुए हैं। इनमें एमए में 1766, एमकाम में 383, एमएससी में 354 पंजीकरण हुए हैं। विश्वविद्यालय परिसर में कला संकाय के पाठ्यक्रमों में 805 और विज्ञान में 1249 पंजीकरण हुए हैं। इनमें एमए 187 व एमएससी 887 पंजीकरण हुए हैं।
