मुरादाबाद: देह व्यापार के विरोध पर पति ने किया चाकू से हमला, गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। घर में देह व्यापार कराने का विरोध करने पर पति ने ही महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। शोर मचाने पर उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर भाग गया। मौके पर पहुंचे मोहल्ले वालों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने भी अस्पताल पहुंचकर महिला के बयान दर्ज किए। डाक्टरों …

मुरादाबाद, अमृत विचार। घर में देह व्यापार कराने का विरोध करने पर पति ने ही महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। शोर मचाने पर उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर भाग गया। मौके पर पहुंचे मोहल्ले वालों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने भी अस्पताल पहुंचकर महिला के बयान दर्ज किए। डाक्टरों ने घायल की हालत गंभीर बताई है। महिला के भाई की तहरीर पर सिविल लाइंस पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ धारा 324 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के चक्कर की मिलक घोसिया मस्जिद मुर्करपुर निवासी शबलू हुसैन ने बताया कि उन्होंने करीब चार साल पूर्व अपनी बहन शाहीन का निकाह मोहल्ले में ही नाले के पास रहने वाले शानू उर्फ शन्नू के साथ किया था। शानू और शाहीन का दो साल का बेटा अब्दुल गनी है। शानू घर में देह व्यापार कराना चाहता था, जबकि शाहीन विरोध करती थी। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद रहता था।

करीब 15 दिन पूर्व शानू करेला जाने के लिए कहकर घर से गया था, मगर वह चक्कर की मिलक में ही अपने परिजनों के साथ रह रहा था। गुरुवार की रात करीब दो बजे शानू ने घर आया और दरवाजे से झांकने लगा। इसके बाद उसने लात मारकर दरवाजा खोला और शाहीन को बालों से पकड़कर घसीटता हुआ गली में ले गया। वहां शानू ने चाकू से शाहीन पर अंधाधुंध हमला कर दिया। उसके पेट, हाथ व पैर पर कई वार किए। चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले वाले भी जाग गए।

वह अपने घरों से बाहर निकले तो शानू खून से सना चाकू लहराता हुआ भाग गया। तब तक मोहल्ले में ही रहने वाली शाहीन की बड़ी बहन जहांआरा भी मौके पर पहुंच गई। उन्होंने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पहले मामले की एनसीआर दर्ज की थी जिसे बाद में एफआईआर में तरमीम कर दिया गया। डाक्टरों ने शाहीन की हालत गंभीर बताई है। इंस्पेक्टर रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

शाहीन का दूसरा पति है शानू
शाहीन की बड़ी बहन जहां आरा के अनुसार उसका पहला निकाह नईम के साथ हुआ था। नईम और शाहीन की एक बेटा अब्दुल रहमान और बेटी लाइबा नूर है। चार साल पूर्व शानू उसकी जिंदगी में आया। उसने सब्जबाग दिखाकर शाहीन को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। इसके बाद शाहीन ने अपने पहले शौहर नईम को तलाक देकर शानू से निकाह कर लिया। दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की थी। शानू और शाहीन का भी दो साल का बेटा अब्दुल गनी है। पहले पति ने बेटे को अपने साथ रख लिया था जबकि बेटी शाहीन के साथ ही रहती है।

घायल महिला का जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। डाक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। महिला के भाई की तहरीर के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। रविन्द्र प्रताप सिंह, इंस्पेक्टर सिविल लाइंस।

संबंधित समाचार