बरेली: कश्मीर में हत्याओं के विरोध में विरोध प्रदर्शन, पुतले फूंके
बरेली, अमृत विचार। कश्मीर घाटी के स्कूल में घुसकर आतंकियों द्वारा दो शिक्षकों समेत पांच दिन में सात नागरिकों की हत्या के विरोध में बजरंग दल, हिंदू जागरण मंच और कैमिस्ट रिटेल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन किया। शनिवार को कई क्षेत्रों में आतंकवाद के खिलाफ पुतले फूंके और केंद्र सरकार से आतंकवाद के विरुद्ध …
बरेली, अमृत विचार। कश्मीर घाटी के स्कूल में घुसकर आतंकियों द्वारा दो शिक्षकों समेत पांच दिन में सात नागरिकों की हत्या के विरोध में बजरंग दल, हिंदू जागरण मंच और कैमिस्ट रिटेल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन किया। शनिवार को कई क्षेत्रों में आतंकवाद के खिलाफ पुतले फूंके और केंद्र सरकार से आतंकवाद के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग उठायी। साथ ही कश्मीर घाटी में रहने वाले हिंदू और सिख समाज के लोगों की सुरक्षा के इंतजाम करने पर जोर दिया। पाक समर्थित आतंकवादियों को कड़ा सबक सिखाने की मांग की।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को आतंकवाद के खिलाफ शहर में बाइक रैली निकाली। इसके बाद पटेल चौक पर पुतला फूंका। बजरंग दल के महानगर सह संयोजक नितिन शर्मा, विभाग संयोजक कपिल शर्मा, विकास सामवंशी, विजय चौहान, केवड़ा नंद गौड़, नवीन राजपूत, करन दीवान, सनी कश्यप आदि ने पुतला फूंककर नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।
ब्लॉक क्यारा में भी विरोध प्रदर्शन
बजरंग दल की इकाई ने पाकिस्तान समर्थित आंतकवाद का पुतला क्यारा ब्लॉक पर भी दहन किया। नारेबाजी कर कहा कि कश्मीर में एक बार फिर से 1990 के दशक जैसी आतंकवादी घटनाएं हुई हैं। नाम, पता पूछकर हिन्दुओं की हत्या की जा रही है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आंतकवादी घटनाओं की भर्त्सना की और विरोध प्रदर्शन किया। पुतला दहन करने वालों में अमित कुर्मी, रवि गंगवार, संजय चौहान, राजपाल, संजीव चौहान, गोविंद, धीरेंद्र, ओमपाल आदि कार्यकर्ता शामिल थे।
आतंकियों को पकड़कर फांसी पर चढ़ाने की मांग
हिंदू जागरण मंच के जिला और महानगर इकाई के कार्यकर्ताओं ने कश्मीर के स्कूल में शिक्षकों की आईडी देखकर आतंकवादियों द्वारा हत्या करने के विरोध में पुतला दहन किया। इस दौरान आतंकवाद मुर्दाबाद के नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से ऐसा कृत्य करने वाले आतंकियों को पकड़कर फांसी पर चढ़ाने की मांग की। पुतला दहन करने वालों में महानगर अध्यक्ष दुर्गेश कुमार गुप्ता, महामंत्री अमित क्षत्रीय, ओमकार सिंह, राजन बाबू, संदीप वर्मा आदि शामिल थे।
