बरेली: किसान की मौत, सूदखोरों पर हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली/फरीदपुर, अमृत विचार। बहन की शादी में लिया कर्ज किसान की मौत की वजह बन गया। कर्ज चुकाने के बावजूद सूदखोर बकाया निकालकर धमकाते थे। घर पर आकर भी लाइसेंसी हथियार लेकर आकर जान से मारने की धमकी देते थे। परिजनों के मुताबिक शनिवार की शाम किसान को कुछ लोग घर के बाहर गम्भीर हालत …

बरेली/फरीदपुर, अमृत विचार। बहन की शादी में लिया कर्ज किसान की मौत की वजह बन गया। कर्ज चुकाने के बावजूद सूदखोर बकाया निकालकर धमकाते थे। घर पर आकर भी लाइसेंसी हथियार लेकर आकर जान से मारने की धमकी देते थे। परिजनों के मुताबिक शनिवार की शाम किसान को कुछ लोग घर के बाहर गम्भीर हालत में फेंक कर चले गए थे। किसान की पत्नी ने सूदखोरों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कह रही है।

धीरपुर निवासी शीलेन्द्र सिंह (30) की की पत्नी जलजीरा देवी ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि शीलेन्द्र ने तीन साल पहले बहन की शादी के लिए गांव के ही एक व्यक्ति व उसके रिश्तेदार से एक-एक लाख रुपये उधार लिए थे। कर्ज देते समय लेनदारों ने बिना ब्याज के ही रुपये उधार दे दिए। शादी में लिए कर्ज का दो साल बाद ही शीलेन्द्र ने भुगतान भी कर दिया था।

इसके बाद भी सूदखोरों ने 5 प्रतिशत ब्याज दर लगाते हुए और रकम की मांग शुरू कर दी। आरोप है कि डरा धमकाकर करीब डेढ़ लाख की रकम भी वसूल कर ली थी। इसके अलावा तीन बीघा जमीन भी अपने नाम करा ली थी। बताया कि शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे एक सूदखोर शीलेन्द्र के घर पहुंचा और उसे बाइक से अपने साथ ले गया।

करीब 6 घण्टे बाद शाम लगभग 6:30 बजे वही व्यक्ति शीलेन्द्र को घर के बाहर बेहोशी की हालत में छोड़कर भाग गया। हालत गम्भीर होने की वजह से शीलेन्द्र की पत्नी व साला राजवीर उसे लेकर सीएचसी गए जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी ने सूदखोरों पर शीलेन्द्र को जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

हथियारों से लैस लेनदार पहुंचे थे घर, दी थी धमकी
शीलेन्द्र की पत्नी ने बताया कि शनिवार की सुबह लेनदार अपने कई साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर उसके घर पहुंचे थे। वहां उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी थी। उसी समय शीलेंद्र के साले राजवीर के पहुंचने के बाद वह लोग वहां से वापस चले गए थे। परिजनों ने बताया कि शीलेन्द्र के पिता जयसिंह और मां किरन देवी की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। जिसके बाद से शीलेन्द्र पर ही परिवार की जिम्मेदारियां आ गई थी। शीलेन्द्र का परिवार में पत्नी जलजीरा देवी, बेटा राजन यादव(8) और बेटी मोनी यादव (10) हैं।

घटना की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी – राजकुमार मिश्र, क्षेत्राधिकारी, फरीदपुर

संबंधित समाचार