बरेली: पुरानी रंजिश के चलते दंपति पर फावड़े से हमला
बरेली, अमृत विचार। पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही कुछ लोगों ने एक दंपति को घेरकर जानलेवा हमला कर दिया। सूचना पर पहुंची यूपी 112 कर्मियों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं दंपति के बेटे की ओर से इज्जतनगर थाने में हमलावरों के खिलाफ …
बरेली, अमृत विचार। पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही कुछ लोगों ने एक दंपति को घेरकर जानलेवा हमला कर दिया। सूचना पर पहुंची यूपी 112 कर्मियों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं दंपति के बेटे की ओर से इज्जतनगर थाने में हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
इज्जतनगर के करमपुर चौधरी निवासी अफसर ने बताया कि रविवार की शाम करीब 4 बजे उनके पिता सरबर खां और उनकी मां हसीना गांव में स्थित भट्टे के पास बकरी चराने व लकड़ियां एकत्र करने के लिए गए थे। इसी दौरान लाठी-डंडों व हथियारों से लैस गांव के कुछ लोग पहुंचे और हमला कर दिया। आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने फावड़े से हमला कर दंपति को लहूलुहान कर दिया। सभी अफसर के माता-पिता को मरणासन्न स्थिति में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने यूपी 112 पर सूचना दी। मौके पर इज्जतनगर की पुलिस की जगह भोजीपुरा पुलिस पहुंची। इसके बाद एंबुलेंस द्वारा घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। वहीं मेडिकल के लिए भी परिजनों को अस्पताल से पहले चौकी फिर थाने के चक्कर लगाने पड़े। जिसके बाद अफसर ने थाने में तहरीर तो दी लेकिन पुलिस ने देर रात दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया।
प्रेम विवाह के चलते पहले से हैं दोनों पक्षों में विवाद
अफसर ने बताया कि हमलावरों में से एक व्यक्ति की बेटी ने उसके भाई से प्रेम विवाह किया है। करीब एक साल पहले जब यह मामला थाने पहुंचा था तो दोनों पक्षों में प्रेमी युगल के गांव में न रहने की बात पर समझौता हुआ था। तभी से हमलावर पक्ष रंजिश मानता आ रहा है। वहीं प्रेमी युगल भी गांव से बाहर ही रहते हैं। देर शाम तक इज्जतनगर थाने में दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया।
