लखनऊ: डिग्री और मेडल पाकर खिले मेधावियों के चेहरे, इन्हें मिला गोल्ड मेडल
लखनऊ। श्रीरामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया। समारोह में सत्र 2019-20 और 2020-21 के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर और डॉक्टरेट विद्यार्थियों को कुल 2954 डिग्री ऑनलाइन प्रदान की गई। कोविड-19 प्रोटोकॉल को देखते हुए यह समारोह प्रतीकात्मक रहा, जहां केवल स्वर्ण और रजत पदक विजेताओं को ही परिसर …
लखनऊ। श्रीरामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया। समारोह में सत्र 2019-20 और 2020-21 के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर और डॉक्टरेट विद्यार्थियों को कुल 2954 डिग्री ऑनलाइन प्रदान की गई। कोविड-19 प्रोटोकॉल को देखते हुए यह समारोह प्रतीकात्मक रहा, जहां केवल स्वर्ण और रजत पदक विजेताओं को ही परिसर में सम्मान के लिए आमंत्रित किया गया था।
इस मौके पर 79 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक, 54 विद्यार्थियों को रजत पदक, 68 को पीएचडी की उपाधि दी गई। दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व अध्यक्ष यूजीसी प्रो. वीएन राजशेखरन थे। उनके साथ कुलाधिपति इं. पंकज अग्रवाल, प्रतिकुलाधिपति इं. पूजा अग्रवाल, कुलपति प्रो. एके सिंह, कुलपति, विशिष्ट अतिथि डॉ. सुधीर मिश्रा व लोकगायक पद्मश्री प्रह्लाद सिंह टिपनिया यहां मौजूद रहे। समारोह की शुरुआत प्रो. एके सिंह के स्वागत भाषण और विश्वविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट की प्रस्तुति करते हुए की।
ऐसे हों रत्न छात्र जो रख सके परिवर्तन की नीव
अध्यक्षता कर रहे कुलाधिपति इं. पंकज अग्रवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य है कि समाज को ऐसे रत्न दे जो समाज में नई ऊर्जा का संचार करें व सकारात्मक परिवर्तन की नींव रखें। कार्यक्रम में डॉ. सुधीर मिश्रा, महानिदेशक (ब्रह्मोस) डीआरडीओ, सीईओ और प्रबंध निदेशक (ब्रह्मोस एयरोस्पेस) को मिसाइल प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए डॉक्टरेट ऑफ साइंस की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। वहीं लोक कला के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्मश्री प्रह्लाद सिंह टिपनिया को डॉक्टरेट ऑफ लिटरेचर की मानद उपाधि दी गई।
छह विद्याार्थियों को मिले कुलाधिपति पदक
छह विद्यार्थियों को कुलाधिपति पदक और प्रतिकुलाधिपति पदक से सम्मानित किया गया। इनमें सौरभ अग्रवाल, विदुषी पांडे और कृष्णम रस्तोगी को कुलाधिपति पदक दिया गया। वहीं प्रीति वलेचा, नम्रता वर्मा और समरीन खान को प्रतिकुलाधिपति मेडल से सम्मानित किया गया।
