बरेली: संदिग्ध हालत में महिला की मौत, हत्या का आरोप
सीबीगंज, अमृत विचार। शादी के बाद दो साल बाद एक महिला की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे उसके मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर सीबीगंज व सीओ द्वितीय मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। …
सीबीगंज, अमृत विचार। शादी के बाद दो साल बाद एक महिला की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे उसके मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर सीबीगंज व सीओ द्वितीय मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने इस मामले में देर रात तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।
फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के गौतारा गांव में रहने वाली शबीना की शादी दो वर्ष पूर्व सीबीगंज मथुरापुर के रहने वाले दिलशाद अंसारी से हुई थी। दोनों की तीन माह की एक बेटी भी है। मायके वालों का आरोप है कि उनकी बेटे के ससुराल के लोग शादी में दिए गए दहेज से खुश नहीं थे। मायके से और दहेज लाने की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता था। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर 1 बजे उनके ससुराल वालों ने फोन कर बताया कि शवीना की तबीयत अचानक खराब हो गई है उसे अस्पताल लेकर जा रहे हैं। कुछ देर बाद जब उसके मायके वाले ससुराल पहुंचे तो उन्हें सबीना मृत हालत में मिली।
जब मायके वालों ने उसका गला देखा तो उस पर रस्सी के निशान पड़े हुए थे। जिस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। सूचना पर सीओ द्वितीय आशीष प्रताप सिंह व इंस्पेक्टर सीबीगंज गोविंद सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। मृतका के मायके वालों ने पति समेत अन्य स्वजनों पर दहेज उत्पीड़न व हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर सौंपी है। लेकिन देर रात तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।
घटना के बाद फरार हुए ससुराल पक्ष के लोग
संदिग्ध परिस्थितियों में हुई विवाहिता की मौत के बाद मृतका का पति दिलशाद व उसके अन्य स्वजन वहां से फरार हो गए। पुलिस ने मृतका के ससुर गुलाम नबी को हिरासत में ले रखा है।
मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की तहरीर आने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी।
— गोविंद सिंह इंस्पेक्टर सीबीगंज
