बरेली: मढ़ीनाथ में नलकूप खंड द्वितीय कार्यालय जर्जर, हादसे की आशंका
बरेली, अमृत विचार। मढ़ीनाथ क्षेत्र में दशकों पहले बने नलकूप खंड द्वितीय कार्यालय का भवन जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। दीवारों से प्लास्टर झड़ रहा है। सीलिंग रहने से भवन अंदर और बाहर से बदहाल दिख रहा है। यहां कार्यरत 23 कर्मचारी कई बार जर्जर भवन की मरम्मत का मामला उच्चाधिकारियों के समक्ष उठा …
बरेली, अमृत विचार। मढ़ीनाथ क्षेत्र में दशकों पहले बने नलकूप खंड द्वितीय कार्यालय का भवन जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। दीवारों से प्लास्टर झड़ रहा है। सीलिंग रहने से भवन अंदर और बाहर से बदहाल दिख रहा है। यहां कार्यरत 23 कर्मचारी कई बार जर्जर भवन की मरम्मत का मामला उच्चाधिकारियों के समक्ष उठा चुके हैं लेकिन किसी स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हुई। अनदेखी के चलते 8 अक्टूबर को कैशियर कक्ष में सीलिंग फैन उखड़कर गिर पड़ा।
गनीमत रही कि उस दिन कैशियर अवकाश पर थे। सीट पर बैठे होते तो हादसा हो सकता था। इस हादसे के बाद कर्मचारी डर गए हैं। उन्होंने मंगलवार को अधिशासी अभियंता को कड़ी चिट्ठी लिखी है। जिसमें कहा कि खंडीय कार्यालय की बिल्डिंग पुरानी व जीर्ण-क्षीर्ण हो गयी है। इस कारण आए दिन दुर्घटना हो रही हैं।
कैशियर के रूम में चलते हुए पंखा गिरने के बाद से कर्मचारियों में डर सताने लगा कि इस भवन में किसी के साथ कभी भी हादसा हो सकता है। साफ-सफाई व्यवस्था तक भंग है। सबसे जरूरी चीज पीने का पानी की व्यवस्था लंबे समय से नहीं है। पत्र के माध्यम से बताया कि आपको कई बार स्थिति से अवगत कराने के बावजूद समस्या हल नहीं हुई।
पदाधिकारी बोले-व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं हुईं तो आंदोलन छेड़ेंगे
नलकूप खंड द्वितीय कार्यालय के कर्मचारियों ने मिनिस्टीरियल एसोसिएशन इरीगेशन डिपार्टमेंट के पदाधिकारियों से भी शिकायत की है। अधिशासी अभियंता पर नलकूप खंड द्वितीय मढ़ीनाथ के कार्यालय की व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं कराने का मामला उठाया है। कर्मचारियों ने अवगत कराया है कि कार्यालय में साफ-सफाई की बिल्कुल व्यवस्था नहीं है। कार्यालय भवन की कोई मरम्मत या रंगाई-पुताई लंबे समय से नहीं हुई है। कर्मचारियों के पीने के लिए स्वच्छ पेयजल की भी कोई व्यवस्था नहीं है।
हाथ धुलने के लिए हैंडवाश तक नहीं है। जहां एक तरफ मुख्यमंत्री द्वारा स्वच्छ भारत मिशन को बढ़ावा दिया जा रहा है। साफ-सफाई के प्रति जागरुकता बढ़ा रहे हैं। एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष आशीष कुमार गंगवार ने अधिशासी अभियंता को इस संबंध में शीघ्र ही कार्यालय में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए पत्र लिखा है। जल शक्ति विभाग के मंत्री को भी मामले से अवगत कराया है। कर्मचारियों के हित में सुरक्षा के दृष्टिगत कार्यालय में व्यवस्थाएं नहीं की गयी तो भ्रष्टाचार को उजागर करने के साथ आंदोलन चलाने की बात कही है।
