बरेली: निजी अस्पताल में छापेमारी में मिली पॉलीथिन, 5000 का जुर्माना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मिनी बाईपास पर एक निजी हॉस्पिटल पर छापा मारा तो यहां बड़ी मात्रा में पॉलीथिन बरामद हुई। इस पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने अस्पताल संचालक पर 5000 रुपये का जुर्माना ठोंकते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। नगर निगम की टीम की कार्रवाई से एक बार …

बरेली, अमृत विचार। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मिनी बाईपास पर एक निजी हॉस्पिटल पर छापा मारा तो यहां बड़ी मात्रा में पॉलीथिन बरामद हुई। इस पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने अस्पताल संचालक पर 5000 रुपये का जुर्माना ठोंकते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। नगर निगम की टीम की कार्रवाई से एक बार फिर से बायो मेडिकल वेस्ट फेंकने वाले अस्पताल संचालकों के बीच खलबली मच गई है।

शहर के तमाम अस्पताल संचालक अपशिष्ट प्रबंधन के नियमों को दरकिनार करके एक बार फिर से बड़े पैमाने पर बायोमेडिकल वेस्ट फेंकने लगे हैं। जोकि पर्यावरण के साथ जनस्वास्थ्य के लिए भी बहुत ही ज्यादा घातक है। ऐसी शिकायतें मिलने के बाद मंगलवार को नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने मिनी बाईपास पर सत्या हॉस्पिटल में पहुंचकर जांच की।

इस दौरान उन्हें बायो मेडिकल वेस्ट तो नहीं मिला लेकिन वहां बड़े पैमाने पर प्रयुक्त की गई पॉलीथिन मिली है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल यानी एनजीटी के आदेश के बाद इस तरह से पॉलीथित को भी नहीं फेंका जा सकता है। इसका उल्लंघन करने के मामले में नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने अस्पताल प्रबंधन पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी का कहना है कि अस्पताल संचालक डॉ. आरके सिंह से इस मामले में स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।

इसके आधार पर और भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। नगर निगम ने अभी कुछ समय पहले ही मेडिकल वेस्ट फेंकने वाले कई नामचीन अस्पताल संचालकों पर भी कार्रवाई की थी। इसके बावजूद इन मामलों पर शिकंजा नहीं कसा जा पा रहा है।

मिनी बाईपास पर सत्या अस्पताल में पॉलीथिन बरामद होने के मामले में जुर्माना और स्पष्टीकरण की कार्रवाई की गई है। दूसरे अस्पतालों में भी निरीक्षण कर कार्रवाई जारी रहेगी। -डॉ. अशोक कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी

संबंधित समाचार