बरेली: हत्या के बाद फरार चल रहे आरोपी दे रहे जान से मारने की धमकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कई किसानों की जमीन पर कब्जा करने के बाद भू-माफिया ने पैरवी करने वाले व्यक्ति की हत्या कर दी थी। रिपोर्ट दर्ज होने और पुलिस के डर से कुछ हत्यारोपियों ने सरेंडर कर दिया था लेकिन कुछ फरार हो गए। फरार चल रहे आरोपी लगातार किसानों को धमका रहे हैं। पीड़ित किसान …

बरेली, अमृत विचार। कई किसानों की जमीन पर कब्जा करने के बाद भू-माफिया ने पैरवी करने वाले व्यक्ति की हत्या कर दी थी। रिपोर्ट दर्ज होने और पुलिस के डर से कुछ हत्यारोपियों ने सरेंडर कर दिया था लेकिन कुछ फरार हो गए। फरार चल रहे आरोपी लगातार किसानों को धमका रहे हैं। पीड़ित किसान ने एसएसपी कार्यालय में आरोपियों के खिलाफ शिकायत की है।

शेरगढ़ थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर निवासी जशपाल ने बताया कि उन्हीं के गांव के रहने वाले सुखदेव ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी व गांव के ही आठ अन्य लोगों की करीब 90 बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया है। जमीन पर कब्जा होने पर किसानों के सामने परिवार के पालन-पोषण का संकट आने लगा।

भू-माफिया के कब्जे से जमीन को छुड़वाने के लिए उनके चाचा सुरेंद्र पाल ने पुलिस की मदद लेनी चाही और सभी किसानो की तरफ से मामले की पैरवी शुरू की। किसानों की उस पैरवी का खामियाजा सुरेंद्र पाल को अपनी जान गवां कर चुकाना पड़ा। जशपाल ने बताया कि बीती 21 मई को उनके चाचा गांव में ही आयोजित शादी समारोह में से वापस आ रहे थे।

शाम करीब 6 बजे सुखदेव, रवि, वेदप्रकाश, संजीव, धर्मेंद्र, जितेंद्र, मुनेन्द्र व द्वारिका सभी लोग हथियारों से लैस पहुंचे और रास्ते में रोकर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी हवाई फायर करते हुए फरार हो गए थे।

बताया कि नामजद पांच हत्यारोपियों ने खुद को सरेंडर कर दिया लेकिन सुखदेव व जितेंद्र को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। फरार चल रहे दोनों आरोपी लगातार पीड़ित किसानों को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। जान का खतरा जताते हुए जशपाल ने मंगलवार को एसएसपी रोहित सिंह सजवाण से शिकायत की।

संबंधित समाचार