भीड़भाड़ वाले स्थानों पर कोविड प्रोटोकॉल का हो पालन : मुख्यमंत्री
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि त्योहारों का समय शुरू होने के कारण अब अतिरिक्त सतर्कता एवं सावधानी बरतने का समय है क्योंकि प्रदेश में कोरोना संक्रमण तेजी से कम हो रहा है, लेकिन यह अभी समाप्त नहीं हुआ है। ऐसे भीड़भाड़ वाले स्थानों में कोविड प्रोटोकॉल का पालन हो। मुख्यमंत्री मंगलवार को अपने …
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि त्योहारों का समय शुरू होने के कारण अब अतिरिक्त सतर्कता एवं सावधानी बरतने का समय है क्योंकि प्रदेश में कोरोना संक्रमण तेजी से कम हो रहा है, लेकिन यह अभी समाप्त नहीं हुआ है। ऐसे भीड़भाड़ वाले स्थानों में कोविड प्रोटोकॉल का पालन हो। मुख्यमंत्री मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर आहुत एक उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि डेंगू, डायरिया, कॉलरा सहित विभिन्न विषाणुजनित व जीवाणुजनित बीमारियों से बचाव के लिए स्वच्छता, सैनिटाइजेशन और फॉगिंग का कार्य निरंतर जारी रखा जाए। साथ ही संचारी रोगों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने को कहा। योगी ने कहा कि त्योहारों का समय शुरू हो चुका है। इसके दृष्टिगत सभी जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए दुर्गा पूजा कमेटियों, रामलीला कमेटियों, धर्माचार्यों, किसान संगठनों और सिविल सोसाइटी के साथ संवाद बनाते हुए सभी कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराएं। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति की निर्बाध व्यवस्था सतत बनायी रखी जाए।
कोरोना के मिले 20 नए मरीज
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते 24 घंटों में राज्य में कोरोना संक्रमण के 20 नए मामले सामने आए हैं। इस अवधि में 17 व्यक्तियों को उपचार के बाद डिस्चार्ज किया गया। वर्तमान में प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 145 है। प्रदेश के 39 जिलों में कोविड का एक भी मरीज नहीं है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रिकवरी दर 98.7 प्रतिशत है। बीते 24 घंटे में प्रदेश में 1.43 लाख कोरोना टेस्ट हुए। अब तक राज्य में 8.06 करोड़ कोविड टेस्ट सम्पन्न हो चुके हैं। साथ ही गत दिवस तक 11.65 करोड़ से अधिक कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है।
