बरेली: वन विभाग ने शुरू की पेड़ों को बचाने की कवायद
बरेली, अमृत विचार। शहर के अंदर मौजूद हरियाली को बचाने के लिए अब वन विभाग ने ट्रांसलोकेशन का काम शुरू कर दिया है। चौपला से मालगोदाम को जाने वाली सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है। लिहाजा यहां सड़क किनारे लगे पेड़ों को ट्रांसलोकेट किए जाने का काम मंगलवार को वन विभाग के अधिकारियों ने …
बरेली, अमृत विचार। शहर के अंदर मौजूद हरियाली को बचाने के लिए अब वन विभाग ने ट्रांसलोकेशन का काम शुरू कर दिया है। चौपला से मालगोदाम को जाने वाली सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है। लिहाजा यहां सड़क किनारे लगे पेड़ों को ट्रांसलोकेट किए जाने का काम मंगलवार को वन विभाग के अधिकारियों ने शुरू कर दिया।
इन पेड़ों को यहां से हटाकर सीबीगंज स्थित कान्हा उपवन ले जाया गया। इस रोड पर कुल 64 पेड़ों को ट्रांसलोकेट किया जाना है। विभाग के अधिकारियों की माने तो तीन से चार दिन के अंदर सभी पेड़ों को चौपला से मालगोदाम जाने वाली सड़क किनारे से हटाकर ट्रांसलोकेट कर दिया जाएगा। इन पेड़ों को भी कान्हा उपवन भेजा जाएगा। शहर की करीब आधा दर्जन से अधिक सड़कों के किनारे लगे एक हजार से अधिक पेड़ों को ट्रांसलोकेट किया जाएगा।
विभाग के अधिकारी पहले कह रहे थे कि जो पेड़ ट्रांसलोकेट किए जा सकते हैं केवल उनको ही हटाया जाएगा अन्य पेड़ों को काटने की योजना थी। लेकिन अब सभी पेड़ों को ट्रांसलोकेट करने की बात कही जा रही है। सदर वन रेंजर वैभव चौधरी ने बताया कि केवल सूखे पेड़ों को ही काटा जाएगा। अधिकतर पेड़ अब ट्रांसलोकेट ही किए जाएंगे।
