झकरासी में दस एकड़ में बनेगा रायबरेली का ट्रांसपोर्ट नगर
रायबरेली। शहर में ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना होगी। इसे लेकर ट्रांसपोर्टर लंबे समय से मांग करते रहे हैं। असल में आरडीए ने राही ब्लॉक के झकरासी गांव में ट्रांसपोर्ट नगर स्थापित करने का प्लान तैयार किया है। इसके लिए रायबरेली विकास प्राधिकरण ने ट्रांसपोर्ट नगर की खातिर दस एकड़ भूमि चिन्हित कर ली है। शहर …
रायबरेली। शहर में ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना होगी। इसे लेकर ट्रांसपोर्टर लंबे समय से मांग करते रहे हैं। असल में आरडीए ने राही ब्लॉक के झकरासी गांव में ट्रांसपोर्ट नगर स्थापित करने का प्लान तैयार किया है। इसके लिए रायबरेली विकास प्राधिकरण ने ट्रांसपोर्ट नगर की खातिर दस एकड़ भूमि चिन्हित कर ली है।
शहर में ट्रांसपोर्ट नगर की कमी लंबे अरसे से है, इस कारण हाईवे पर वाहन खड़े होते और हादसे का कारण बनते हैं। वहीं ट्रांसपोर्टरों को सामान ढुलाई को लेकर मशक्कत करनी पड़ती है। हालांकि प्राथमिक तौर पर सिविल लाइंस में ही इससे जुड़े सारे कामकाज होते हैं। साथ ही ट्रकों से लेकर अन्य भारी और हल्के चार पहिया वाहनों की मरम्मत होती है। इस रोड पर गैरेज भी चलते हैं। इसके कारण लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर दिन भर जाम की स्थिति रहती है।
जगह के अभाव में व्यापारियों और वाहन चालकों को भी तमाम दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। इसी को देखते हुए ट्रांसपोर्ट नगर की जरूरत हो गई है। रायबरेली विकास प्राधिकरण ने इसके लिए खाका खींच लिया है। इसके बनने से व्यापारियों को सहूलियत मिलेगी और शहरवासियों को भी जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी।
भूमि हस्तांतरण के लिए शासन से मांगी गई अनुमति
रायबरेली-जौनपुर हाईवे पर मुंशीगंज के निकट स्थित राही ब्लॉक की ग्राम पंचायत झकरासी में खाली पड़ी सरकारी भूमि आरडीए ने चिन्हित की है। भूमि हस्तांतरण के लिए विकास प्राधिकरण ने जिलाधिकारी को पत्र लिखा था। जिलाधिकारी ने इसके लिए शासन से अनुमति मांगी है।
व्यापारियों और वाहन मालिकों तथा चालकों की सुविधा के लिए ट्रांसपोर्ट नगर बनेगा। जमीन आवंटन होने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
