बरेली: अलग अलग हादसों में महिला समेत तीन की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। अलग अलग हादसों में महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों मृतकों के घरों में मातम पसरा है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार से आए दिन हादसे होते रहते हैं। अधिकांश …

बरेली, अमृत विचार। अलग अलग हादसों में महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों मृतकों के घरों में मातम पसरा है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार से आए दिन हादसे होते रहते हैं। अधिकांश लोग यातायात नियमों के उल्लंघन में ही हादसों का शिकार होते हैं।

ट्रैक्टर से टकराई बाइक, एक की मौत, तीन घायल
शाहबाद मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि गांव अन्वया निवासी सुमित (18) पुत्र प्रभुदयाल, प्रभुदयाल, अजय कुमार और सिरौली के मोहल्ला गढ़ी निवासी दिनेश कुमार कहीं जा रहे थे। रास्ते में सामने से आ रहे ट्रैक्टर से प्रभुदयाल की बाइक टकरा गई।

हादसे में प्रभुदयाल के बेटे सुमित की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि प्रभुदयाल, अजय कुमार और दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा है। सुमित की मौत से परिजनों का रो रोकर बुराहाल है। ट्रैक्टर का अब तक पता नहीं चल सका है।

ट्रैक्टर की टक्कर से किशोर की मौत
खेत पर काम कर रहे पिता को खाना पहुचाने जा रहे किशोर को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद घायल को परिजन अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गांव मितमपुर निवासी बलवीर सिंह ने बताया कि उनका बेटा रनवीर उनसे मिलने के लिए खेत पर आ रहा था। बलवीर ने बताया कि रास्ते में गांव का ही मनोहर तेज गति से ट्रैक्टर लेकर जा रहा था। उसने रनवीर को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में रनवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। जबकि चालक फरार हो गया है।

हादसे में घायल महिला की मौत
मेगा मार्ट के पास टेंपो पलटने से महिला घायल हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि गलथुआ थाना फतेहगंजपूर्वी निवासिनी आयशा पत्नी जहीर अपनी रिश्तेदारी में जा रही थीं। वह टेंपों में सवार थी। हरेला गांव के पास टेंपो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। जिसमें आयशा गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

संबंधित समाचार