अयोध्या: संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसानों ने रोकी ट्रेन, दी गिरफ्तारी
अयोध्या। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को किसानों ने पहले फैजाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर ट्रेन रोकी फिर प्रदर्शन करते हुए 112 लोगों ने गिरफ्तारी दी। इस दौरान किसानों व पुलिस के बीच धक्का-मुक्की व नोकझोंक भी हुई। गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों को देर शाम तक पुलिस लाइन में बैठाए रखा गया। कुछ किसान नेताओं …
अयोध्या। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को किसानों ने पहले फैजाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर ट्रेन रोकी फिर प्रदर्शन करते हुए 112 लोगों ने गिरफ्तारी दी। इस दौरान किसानों व पुलिस के बीच धक्का-मुक्की व नोकझोंक भी हुई। गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों को देर शाम तक पुलिस लाइन में बैठाए रखा गया। कुछ किसान नेताओं को सुबह ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया था। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर जिले में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता तहसील स्थित गांधी पार्क व उप निदेशक उद्यान के कार्यालय पर इकट्ठा होकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान सीपीआई, जेवाईएफआई व खेत मजदूर यूनियन संघ समेत कई संगठनों ने प्रदर्शन किया। सुबह दस बजे के करीब भारतीय किसान यूनियन की महिला अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फैजाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर ट्रेन रोकी। इसके बाद प्रदर्शनकारी गांधी पार्क में एकत्रित हुए और जमकर प्रदर्शन किया। तकरीबन दो बजे के करीब फिर से ट्रेन रोकने जा रहे कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ फैजाबाद रेलवे स्टेशन पर धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान किसानों ने गिरफ्तारियां दी।

उधर, भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता पदाधिकारी व किसान उप निदेशक उद्यान के कार्यालय पर पंचायत करके प्रदर्शन करते हुए फैजाबाद मुख्य रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर रेलवे जाम करने का प्रयास किया, लेकिन तैनात पुलिस बल ने भाकियू कार्यकर्ताओं को रास्ते में ही रोक लिया। इस दौरान किसानों व पुलिस के बीच तीखी झड़प भी हुई। नोकझोक व धक्का मुक्की के बाद पुलिस ने किसानों को गिरफ्तार पुलिस लाइन भेज दिया। लगभग सैकड़ा लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन भेजा गया, जिसमें भाकियू की महिला जिला अध्यक्ष सुमन पांडे सहित तमाम महिला कार्यकर्ता शामिल रहीं।
साथ ही भाकियू के राष्ट्रीय सचिव घनश्याम वर्मा, सूर्यनाथ, भागीरथी, अरविंद ,शंकर, जगन्नाथ, राम जगत, जगतपाल, रामू चंद्र, विशाल, कामता प्रसाद सहित कई लोगों ने उप निदेशक उद्यान कार्यालय के आगे गिरफ्तारी दी। वहीं सीपीआई जिला सचिव रामतीरथ पाठक, अखिलेश चतुर्वेदी खेत मजदूर यूनियन संघ, अतीक अहमद, अरविंद गोस्वामी, फरीद अहमद, रामगोपाल, महेंद्र वर्मा समेत कई किसान नेताओं को सोमवार की सुबह ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया था।
इसलिए जता रहे हैं विरोध
लखीमपुर खीरी हिंसा में मारे गए किसानों को इंसाफ व गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी के लिए किसान संघर्ष कर रहे हैं। साथ ही किसानों की मांग है तीनों कृषि कानूनों को खत्म किया जाए। इस कानून के लागू होने से किसानों को नुकसान और पूंजीपतियों को लाभ होगा।
