बरेली: पुलिस भर्ती परीक्षा देने गया युवक लापता, हत्या की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। एक माह पहले पुलिस भर्ती परीक्षा की बात कहकर घर से निकला युवक लापता हो गया। लापता होने के कुछ दिन बाद ही एक युवती के फोन पर युवक के अलीगढ़ में होने की सूचना मिली,लेकिन परिजनों के पहुंचने पर होटल के कमरे से युवक का बैग ही बरामद हुआ। तभी से …

बरेली, अमृत विचार। एक माह पहले पुलिस भर्ती परीक्षा की बात कहकर घर से निकला युवक लापता हो गया। लापता होने के कुछ दिन बाद ही एक युवती के फोन पर युवक के अलीगढ़ में होने की सूचना मिली,लेकिन परिजनों के पहुंचने पर होटल के कमरे से युवक का बैग ही बरामद हुआ। तभी से युवक के परिजन कभी अलीगढ़ तो कभी बरेली पुलिस के चक्कर काट रहे हैं।

बिशारतगंज के गांव अतरछेड़ी निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि उनके बेटे शिवम (22) की 15 सितंबर को राजस्थान पुलिस भर्ती की परीक्षा थी। शिवम 13 सितंबर को घर से राजस्थान के लिए निकला था। घर से जाने के बाद उन लोगों ने शिवम के फोन पर संपर्क किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसी दौरान अलीगढ़ निवासी एक युवती का फोन आया। लड़की ने फोन पर बताया कि शिवम रोडवेज बस अड्डा के पास स्थित एक होटल में है। युवती की सूचना पर परिजन अलीगढ़ पहुंचे और लड़की से मिले।

दिनेश कुमार ने बताया कि बेटे के युवती की बातों से उन्हें शक लगा कि उसने व उसके दो साथियों ने शिवम के साथ अनहोनी कर दी है। उन्होंने बताया कि युवती से बात करने के बाद वह होटल पहुंचे। वहां मैनेजर ने बताया कि शिवम 13 सितंबर को आया था। यहां रजिस्टर में उसकी इंट्री थी। परिजनों को होटल मैनेजर ने बताया कि आने के कुछ देर बाद वह खाना लेने के लिए चला गया। इसके बाद नहीं आया। परिजनों को शिवम का बैग होटल के कमरे से मिला है। दिनेश कुमार ने बताया कि अलीगढ़ पुलिस से उन्होंने शिकायत की, लेकिन ध्यान नहीं दिया। उन्होंने एसएसपी रोहित सिंह सजवाण को शिकायती पत्र देकर बेटे की बरामदगी की मांग की है। दिनेश का आरोप है कि युवती ने ही बेटे के साथ लूटपाट की और गायब कर दिया।

युवती ने बताया ममेरी बहन
शिवम के पिता ने बताया कि 23 सितंबर की शाम युवती ने फोन पर बताया था कि उसे शिवम का बैग होटल के कमरे में मिला है। अलीगढ़ पहुंचने पर युवती ने बताया कि 18 सितंबर को उसने होटल से बैग लिया था। वहीं होटल प्रबंधक ने बताया कि युवती अपने दो साथियों के साथ होटल पहुंची थी। उसने खुद को शिवम की ममेरी बहन बताया था। अब सवाल है कि युवती ने पांच दिन बाद शिवम के घर पर क्यों सूचना दी। उसने खुद को शिवम की ममेरी बहन क्यों बताया था। इसके अलावा वह शिवम को कैसे और कब से जानती थी। वह शिवम से मिलने के लिए क्यों गई थी। शिवम के वापस न आने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को क्यों नहीं सूचित किया।

नहीं मिला बेटा तो मर जाएगी मां
बिशारतगंज पुलिस ने काफी दौड़-भाग के बाद 25 सितंबर को युवक के गुमशुदा की रिपोर्ट तो दर्ज कर ली। शिवम की मां की हालत भी बिगड़ती जा रही है। वह ब्लडप्रेशर और मधुमेह की रोगी हैं। शिवम तीन भाई है। वह सबसे बड़ा है। स्नातक करने के बाद वह कंपटीशन की तैयारी कर रहा है।

संबंधित समाचार